वीमेन पॉवर लाइन 1090 में अधेड़ शोहदे के खिलाफ कार्रवाई की है। यह शोहदा 60 महिलाओं को अश्लील व अभद्र कॉल करके काफी दिनों से परेशान कर रहा था। महिलाओं ने इस मामले में वीमेन पॉवर लाइन 1090 में शिकायत दर्ज कराई थी। 1090 की टीम ने आरोपी को कॉल कर उसकी काउंसिलिंग भी की थी लेकिन उसके बाद भी हरकतों से बाज न आने पर रायबरेली पुलिस की मदद से गिफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से कई मोबाइल व सिम कार्ड बरामद किए हैं जिससे वह कॉल कर महिलाओं को परेशान करता था।

लखनऊ (ब्यूरो)। रायबरेली की पुलिस और 1090 की टीम ने कल्यानपुर रैली, थाना-भदोखर रायबरेली निवासी देवेन्द्र कुमार (46) को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त देवेन्द्र कुमार एक शातिर किस्म का अपराधी है। वह धर्मिक कथा-भागवत आदि का पाठ/पंडिताई का कार्य करता हैै। वह महिलाओं को कॉल करने के लिए कई मोबाइल व 2 सिम का प्रयोग करता था। जिससे यह महिलाओं को कॉल कर उनसे अश्लील एवं अभद्र बातकर छेडख़ानी करता था। महिलाओं को उसके खिलाफ शिकायत करने की बात कहने पर वह जान से मारने की धमकी भी देता था।

60 महिलाओं व लड़कियों ने दर्ज कराई थी शिकायत
फर्जी आईडी पर सिम खरीद कर आरोपी 2 मोबाइल नंबरों से कई आईएमईआई का प्रयोग कर प्रदेश भर में कई महिलाओं व लड़कियों को फोन करके अभद्र, अश्लील कॉल कर व जान से मारने की धमकी देकर प्रताडि़त करता है। इस संबंध में 1090 में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कुल 60 शिकायतें दर्ज की गई थी। वीमेन पॉवर लाइन की टीम ने आरोपी को पकडऩे के लिए कई घंटों तक टीम ने अलग-अलग भेष धारण कर रेकी की। आरोपी की सही पहचान स्थापित की, क्योंकि अपराधी जिस सिम का प्रयोग कर रहा था वह एक फर्जी आईडी पर खरीदा गया था।

रैैंडमली कॉल करता था आरोपी
वह महिलाओं को रैंडमली कॉल कर दूसरी तरफ से महिला की आवाज आने पर उसे लगातार अभद्र एवं अश्लील काल व धमकी देकर परेशान करता था। जिसके कारण शिकायत करने वाली महिलाओं में दहशत थी। 1090 से काउंसिलिंग करने के बाद भी यह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तथा लगातार महिलाओं व लड़कियों को काल कर परेशान करता रहा।

यहां दर्ज कराई गई थी शिकायतें
आरोपी के खिलाफ 1090 में प्रदेश के 23 जनपदों से कुल 60 शिकायतें दर्ज कराई गई। जिसमें से लखनऊ से 10, प्रयागराज से 08, कानपुर नगर से 7, वाराणसी से 5, बाराबंकी से 4, खीरी व फतेहपुर से 3-3, बलिया, उन्नाव, जौनपुर व कन्नौज से 2-2, बस्ती, गाजियाबाद, श्रावस्ती, आजमग?, हमीरपुर, देवरिया, रायबरेली, कानपुर देहात, सीतापुर, गोण्डा, गोरखपुर व हरदोई से 1-1 शिकायतें हैं।

Posted By: Inextlive