- वृंदावन योजना 10 बी में हालात बेहद खराब, रहवासी परेशान

- तीन साल पहले निगम को हैंडओवर हो चुकी है कॉलोनी, शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं

LUCKNOW नगर निगम को हैंडओवर हो चुकी एक और कॉलोनी में समस्याओं का मकड़जाल सामने आया है। घनी आबादी वाली वृंदावन योजना 10 बी में जनता को सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करना पड़ रहा है। आलम यह है कि यहां पर लोगों को रोज सांप और बिच्छू का सामना करना पड़ता है। लोगों ने कई बार नगर निगम प्रशासन से समस्याओं को दूर किए जाने के संबंध में मांग भी की, लेकिन अभी तक नतीजा सिफर है।

चार साल से स्थिति खराब

आवास विकास की ओर से इस कॉलोनी को डेवलप किया गया था। गुजरते वक्त के साथ इस कॉलोनी में लोग बसते गए और वर्तमान समय में पूरी कॉलोनी घनी आबादी में तब्दील हो चुकी है। लोगों की माने तो जब तक कॉलोनी आवास विकास के तहत थी, तब तक समस्याएं दूर हो जाती थीं लेकिन चार साल पहले इस कॉलोनी को निगम को हैंडओवर किया जा चुका है, जिसके बाद कॉलोनी में हर तरफ समस्याओं ने अपना घर बना लिया है। जिसकी वजह से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

न सड़क न मार्ग प्रकाश की व्यवस्था

लोगों ने बताया कि घनी आबादी वाली कॉलोनी की किसी भी गली में प्रॉपर सड़क नहीं है। जिसकी वजह से बारिश होने पर कथित सड़क पर पानी भर जाता है। जिसकी वजह से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो जाते हैं। लोगों का यह भी कहना है कि कई बार तो घरों के अंदर तक पानी आ जाता है। जिससे समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है। लोगों का कहना है कि इलाके में प्रॉपर स्ट्रीट लाइट की भी व्यवस्था नहीं है। जिससे रात के वक्त घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है।

चारों तरफ जंगल

लोगों का कहना है कि डेवलपमेंट न होने की वजह से कॉलोनी में हर तरफ जंगल सा नजारा रहता है। आसपास जंगली झाडि़यां होने की वजह से कई बार सांप और बिच्छू तक घरों में घुस जाते हैं। जिससे लोगों की जिंदगी खतरे में पड़ जाती है। बारिश होने पर तो यह खतरा दोगुना हो जाता है।

वेस्ट कलेक्शन नहीं

लोगों ने यह भी बताया कि कॉलोनी में डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन की भी सुविधा नहीं है। जिसके कारण इधर-उधर वेस्ट फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ता है। लोगों की मांग है कि वेस्ट कलेक्शन की भी सुविधा दी जाए।

वर्जन

निश्चित रूप से स्थिति बेहद खराब है। कॉलोनी में विकास के नाम पर कोई काम नहीं हुआ है। जलभराव के साथ ही सांप बिच्छू का भी खतरा बना रहता है।

इरशाद खान

सड़क न होने की वजह से खासी दिक्कते होती हैं। बारिश होने पर तो घरों के सामने पानी भर जाता है। समस्याओं का तत्काल निस्तारण जरूरी है।

मो। वारिस

लंबा वक्त गुजर चुका है लेकिन अभी तक समस्याएं जस की तस बनी हुई है। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

मदन सिंह

सड़क समेत अन्य सुविधाएं लापता हैं। इलाके की जनता परेशान है। कई बार निगम में कंपलेन की गई लेकिन अभी तक एक भी समस्या दूर नहीं हुई।

सुशील कुमार अस्थाना

वेब लिंक

अगर आपके इलाके में भी इस तरह की समस्या है तो हमसे संपर्क करें।

मोबाइल नंबर अभिषेक का रहेगा

Posted By: Inextlive