- राजधानी में रविवार के मिले 1129 संक्रमित, 8 की गई जान

LUCKNOW:

महाराष्ट्र और पंजाब के बाद उत्तर प्रदेश में भी कोरोना खतरनाक स्तर पर पहुंच रहा है। यहां सर्वाधिक हालात लखनऊ के खराब होते जा रहे हैं। रविवार को राजधानी में 1129 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है और आठ लोगों की संक्रमण के कारण जान गई है। बीते छह दिनों में राजधानी में संक्रमण के कारण 33 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। रविवार को 264 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। वहीं डीजी हेल्थ डॉ। डीएस नेगी, मेदांता लखनऊ के निदेशक डॉ। राकेश कपूर भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।

डीजी हेल्थ भी संक्रमित

रविवार को डीजी हेल्थ डॉ। डीएस नेगी भी पॉजिटिव आने के बाद होम आइसोलेशन में चले गए हैं। ये भी वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके हैं। इन्हें वैक्सीन की पहली डोज 16 जनवरी और दूसरी डोज 15 फरवरी को लगाई गई थी। उनके निजी सचिव के साथ स्टाफ ऑफिसर भी कोरोना पॉजिटिव आया हैं। इन्हें भी वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी थीं। इसके अलावा मुख्य सचिव आरके तिवारी के 1 अप्रैल को वैक्सीनेशन के समय भी डीजी मौजूद थे। ऐसे में कई बड़े अधिकारियों के संपर्क में आने की आशंका है।

यह भी हुए संक्रमित

मेदांता लखनऊ के निदेशक डॉ। राकेश कपूर भी वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने के बाद पॉजिटिव आए। उनकी एंटीजन जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया है। कोरोना वैक्सीनेशन के बाद भी यह सभी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। लखनऊ में सरोजनीनगर की सीडीपीओ कामिनी श्रीवास्तव भी दोनों डोज लगवाने के बाद संक्रमित हो गई हैं।

3831 एक्टिव होम आइसोलेशन में

सर्विलांस एवं कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर टीमों द्वारा 20,620 लोगों के सैंपल लिए गए। जबकि 199 रोगियों को अस्पताल आवंटित किए गए और देर शाम तक 100 रोगियों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं 99 रोगियों ने होम आइसोलेशन के लिए अनुरोध किया है। राजधानी में इस समय एक्टिव होम आइसोलेशन में 3,831 मरीज हैं।

3767 मरीजों का लिया हाल

कोविड कंट्रोल रूम से रविवार को होम आइसोलेशन के 3767 मरीजों से फोन पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। हेलो डॉक्टर सेवा में 64 मरीजों द्वारा स्वास्थ संबंधी परामर्श लिया गया। हेलो डॉक्टर सेवा में 0522-3515700 कोविड संबंधित स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कोविड कमांड कंट्रोल रूम 0522-4523000 और 0522-2610145 पर भी जानकारी की जा सकती है।

किस एरिया में कितने संक्रमित मिले

एरिया संक्रमित

इंदिरा नगर 73

गोमती नगर 68

चौक 59

आशियाना 49

महानगर 41

तालकटोरा 41

अलीगंज 39

हजरतगंज 32

आलमबाग 32

मडि़याव 29

रायबरेली रोड 22

अन्य एरिया में भी संक्रमित मिले हैं।

इस तरह बढ़ रहा संक्रमण

तारीख संक्रमित मौतें

30 मार्च 446 04

31 मार्च 361 04

01 अप्रैल 935 02

02 अप्रैल 940 09

03 अप्रैल 1041 06

04 अप्रैल 1129 08

Posted By: Inextlive