- शहर में सोमवार को 629 नए मरीज मिले, 373 ठीक होकर लौटे

- अगस्त में सप्ताह भर में साढ़े तीन हजार मरीज बढ़े, कलेक्ट्रेट पहुंचा संक्रमण

LUCKNOW

कोरोना वायरस की रफ्तार राजधानी में अचानक तेज हो गई। जुलाई की तुलना में अगस्त में यह पांच गुना तेजी से फैल रहा है। जुलाई में एक से सात तारीख तक 616 केस मिले थे, जबकि अगस्त में इसी अवधि में 3579 मरीज सामने आ चुके हैं। सोमवार को भी 629 संक्रमित मिले हैं। इनमें स्वास्थ्यकर्मी भी हैं। छह मरीजों की मौत हुई है, जिनमें दो शहर निवासी थे। 373 लोग ठीक होकर घर गए हैं।

अगस्त में पकड़ी तेजी

एक अगस्त को 363, दो को 391, तीन को 507, चार को 611, पांच को 336, छह को 664 और सात अगस्त को तो एक दिन में सर्वाधिक 707 मरीज दर्ज किए गए थे। वायरस अब अधिक आक्रामक है। सतर्क रहें। इसी से बचाव है।

यहां हुईं मरीजों की मौत

केजीएमयू में सआदतगंज निवासी 30 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें छह अगस्त को भर्ती कराया गया था। एक और मरीज की मौत हुई है। कोरोनों से मृतकों का आंकड़ा 149 पहुंच गया है। इसके अलावा सुल्तानपुर के कामतागंज निवासी 43 वर्षीय महिला, बेतिया चिरागपुर निवासी 65 वर्षीय महिला की भी केजीएमयू में सांसें उखड़ गईं। देवरिया के गौरा निवासी 57 वर्षीय पुरुष, जौनपुर शाहगंज निवासी 60 वर्षीय महिला की कोरोना वार्ड में मृत्यु हो गई हैं।

कोषागार में कोरोना, कलक्ट्रेट बंद

सोमवार को कोषागार में तैनात एक कर्मी में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। ऐसे में कलक्ट्रेट मंगलवार को बंद रहेगा। सरोजनी नगर प्रथम के वार्ड संख्या-चार के पार्षद रामनरेश रावत भी संक्रमित हो गए। अलीगंज में 23 व हसनगंज में 21 को वायरस ने अपना शिकार बनाया है। वहीं इंदिरा नगर में 18 नए मरीज मिले। यहां कुल मरीजों की संख्या 350 पार पहुंच गई है। गोमतीनगर में 29 ठाकुरगंज में 13, आलमबाग के 25, सआदतगंज में 13, चौक में 11, कैंट में 15, चौक में 17 लोग वायरस के शिकार हो गए हैं।

कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक और डॉ। महेंद्र सिंह की सेहत में सुधार

पीजीआई के राजधानी कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित कानून मंत्री बृजेश पाठक और जलशक्ति मंत्री डॉ। महेंद्र सिंह की सेहत में सुधार है। डॉक्टरों ने ब्रजेश पाठक को आईसीयू से हटाकर आइसोलेशन वार्ड में कर दिया है। दोनों मंत्री कोविड अस्पताल की तीसरी मंजिल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। यह मंत्री अपने घरवालों और नजदीकियों से मोबाइल के जरिये बातचीत भी कर रहे हैं। डॉ। महेंद्र सिंह दो अगस्त और ब्रजेश पाठक पांच अगस्त को कोरोना पॉजिटिव आये थे। पाठक का सोमवार को भी एक्सरे किया है। जिसमें सीने में संक्रमण अब भी है।

Posted By: Inextlive