- नगर निगम की ओर से कराया जाएगा अपार्टमेंट्स का सर्वे

LUCKNOWनगर निगम की ओर से गंदगी फैलाने वाले अपार्टमेंट्स पर नजरें टेढ़ी कर दी गई हैं। निगम की ओर से अपार्टमेंट्स का सर्वे कराकर वेस्ट कलेक्शन की हकीकत पता लगाई जा रही है। निगम प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिस अपार्टमेंट में वेस्ट कलेक्शन का सिस्टम नहीं मिलेगा, उसके खिलाफ जुर्माना संबंधी कार्रवाई की जाएगी।

हर जोन में सर्वे

निगम प्रशासन की ओर से सभी जोनल अधिकारियों को जोनवार सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे हर एक अपार्टमेंट की हकीकत सामने आए। सर्वे के दौरान यह भी देखा जाएगा कि कितने वक्त से फ्लैट्स का कूड़ा निगम द्वारा अधिकृत एजेंसी को नहीं दिया गया है। उसके आधार पर जुर्माना लगाया जाएगा।

पब्लिक से बातचीत

सर्वे के दौरान अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों से बातचीत की जाएगी। जिससे पता लगाया जा सके कि वे अपने फ्लैट का कूड़ा किस तरह से निस्तारित करते हैं। साथ ही यह भी जानकारी ली जाएगी कि कितने समय से उनके यहां से कूड़ा कलेक्ट नहीं किया गया है।

निगम ने की थी कार्रवाई

हाल में ही पेपर मिल कॉलोनी में एक अपार्टमेंट की मेंटीनेंस एजेंसी के खिलाफ निगम ने कार्रवाई की है। 400 फ्लैट का कूड़ा सड़क पर डाले जाने के कारण निगम प्रशासन ने मेंटीनेंस एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही 52 लाख 80 हजार क्षतिपूर्ति का नोटिस भी दिया है।

बाक्स

रोज बनेगी रिपोर्ट

निगम प्रशासन की ओर से जो सर्वे कराया जाएगा, उसकी नियमित रिपोर्ट भी तैयार कराई जाएगी। पहले चरण में गंदगी फैलाने वाले अपार्टमेंट को नोटिस देकर स्थिति में सुधार लाने संबंधी चेतावनी दी जाएगी। अगर इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरती है तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

वर्जन

हमारा उद्देश्य शहर को स्वच्छ रखना है। अगर कोई गंदगी फैला रहा है तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

अजय कुमार द्विवेदी, नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive