- चालू वित्त वर्ष के बजट पर चर्चा करने के लिए बुलाया गया था नगर निगम सदन

LUCKNOW: लंबे इंतजार के बाद बजट पर चर्चा के लिए बुलाए गए सदन में खूब हंगामा हुआ। नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ हॉल में सदन शुरू होने से पहले कर्मचारियों ने वेतन भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया, वहीं समाजवादी व कांग्रेस के पार्षदों ने झुग्गी झोपड़ी हटाने को लेकर हंगामा किया। निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल सत्ताधारी पार्टी के भाजपा पार्षद ने भी बजट को अवैध बताया। पार्षदों के हंगामें के बीच हॉल में मौजूद मेयर संयुक्ता भाटिया सदन बीच में छोड़ चली गईं। सदन में सीएम योगी आदित्यनाथ, पीएम मोदी व प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे भी खूब लगे।

सभी सदस्यों को कोविड टेस्ट

रविवार को सदन में शामिल होने आए सभी सदस्यों, अफसरों एवं अन्य लोगों का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया। जांच में निगेटिव होने के बाद ही उनको सदन में प्रवेश दिया गया। सदन समय बीतने के साथ जैसे आगे बढ़ाए तो तीखी बहस और हंगामे के बीच पार्षद कोविड 19 का प्रोटोकॉल भूल गए। मास्क उतार पार्षदों एक-दूसरे से सट नारेबाजी शुरू कर दी। झुग्गी झोपड़ी हटाए जाने का विपक्षी पार्षदों ने विरोध किया। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन पर दंडात्मक कार्रवाई का आरोप लगाया। इस दौरान भाजपा पार्षद नागेंद्र सिंह चौहान और मुन्ना मिश्रा ने बजट को अवैध करार दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में कार्यकारिणी समिति में पास बजट के विपरीत खर्च को अधिक दिखाया है, जो गैरकानूनी है। थोड़ी देर बाद भाजपा और विपक्षी पार्षदों ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान मेयर संयुक्ता भाटिया सदन छोड़ कर चली गईं और सदन की कार्यवाही ठप हो गई।

पार्षदों ने उठाए सवाल

पार्षदों से अधिकारियों तक में चर्चा है कि अप्रैल से लागू बजट पर अब सदन की बैठक बुलाए जाने का क्या मतलब है। सामान्य सदन बुलाया जाता तो जनसमस्याओं पर चर्चा होती।

कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया

सदन से पहले नगर निगम कर्मचारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अलग-अलग मदों में करीब 90 करोड़ बकाया का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने मेयर व नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंप अविलंब बकाया भुगतान करने की मांग की। नगर निगम एवं जलकल कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शशि कुमार मिश्रा ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

19.30 अरब का बजट पास

नगर निगम सदन में 19 अरब 30 करोड़ 34 लाख की आय के सापेक्ष 16 अरब 56 करोड़ 26 लाख रुपये के व्यय का बजट एवं जलकल का 320 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। मेयर संयुक्ता भाटिया द्वारा पास किये गए बजट में विकास कायरें को गति दी गयी। वार्ड विकास निधि के माध्यम से समस्त वार्डो में 1.15 करोड़ के विकास कार्य कराए जाएंगे। जिसमे से 5 लाख रुपये प्रतिवार्ड पार्षद कोरोना सुरक्षा संबंधित उपकरण खरीदने पर व्यय कर सकेंगे।

बाक्स

किस काम में कितना खर्च

नाला सफाई- 8.50 करोड़

सफाई उपकरण की खरीद- 13 करोड़

मार्ग प्रकाश- 12.70 करोड़

सड़क नाली मरम्मत- 183 करोड़

शहरी निर्धन हेतु- 20 करोड़

अवस्थापना- 50 करोड़

बाक्स

सदन में पास प्रमुख प्रस्ताव

- विकाय को गति देने जिन कार्य के लिए टेंडर जारी हो चुका है उसके लिए 41 करोड़ का बजट

- अमृत योजना एवं स्मार्ट सिटी में महापौर को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव

- जलकल द्वारा सभी वाडरें में 2 लाख रुपये प्रति वार्ड पाइप लाइन मरम्मत एवं नए पाईपलाइन निर्माण कार्य होगा

- जलकल के 49 कर्मचारियों के विनिमितिकरण का प्रस्ताव पास कर शासन को भेजा

मरणोपरांत योद्धा सम्मान

कोरोना के दौरान अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संक्रमण के चपेट में आकर मरने वालों को कोरोना योद्धा सम्मान से सम्मानित किया। पार्षद स्व। वीरेंद्र जसवानी वीरू सहित स्व। राजेश कुमार वर्मा, स्व। कमल कुमार, स्व। कविता, स्व। रामगोपाल, स्व। गोमती देवी को मरणोपरांत कोरोना योद्धा के सम्मान से सम्मानित किया गया। इनके परिवारजनों को महापौर ने स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

बॉक्स

कोरोना योद्धा बनकर किया सराहनीय कार्य

सदन की अध्यक्षता कर रहीं मेयर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने जनता तक अपनी सेवाएं जैसे साफ सफाई, सेनेटाइजेशन के साथ ही कोरोना पॉजीटिव व्यक्ति के घर के पास बैरिकेडिंग एवं जरूरतमंदों तक भोजन पहुचाने का अति सराहनीय कार्य किया है।

Posted By: Inextlive