LUCKNOW: क्राइस्टचर्च कालेज के प्रिंसिपल आरके चत्री और उनके बेटे समेत चार लोगों के खिलाफ करोड़ों रुपये की हेराफेरी का मुकदमा हजरतगंज थाने में दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार हजरतगंज पुलिस ने मसीही सेवा दल की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक एनजीओ ने प्राचार्य पर साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए छात्रों की फीस का करोड़ों रुपए एक निजी संस्था को अवैध तरीके से देने का आरोप लगाया है। वहीं प्रिंसिपल आरके चत्री का कहना है कि सभी आरोप साजिश के तहत लगाए गए हैं। वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं और पुलिस जांच में सच सामने आ जाएगा। चत्री का कहना है की परदे के पीछे के लोगों ने करीब डेढ़ सौ साल पुराने स्कूल को बदनाम करने के इरादे से ऐसा कदम उठाया है। सीओ हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि मसीसी सेवा दल के अध्यक्ष संजय राबिंसन ने गुरुवार की रात हजरतगंज कोतवाली में क्राइस्ट चर्च कॉलेज के प्रधानाचार्य आरके चत्री उनके बेटे और दो सहयोगियों डेनियल सुभान और विनोद बी लाल के खिलाफ दस्तावेजों में हेरफेर कर कालेज का एक करोड़ बीस लाख रुपए निजी संस्था को अवैध तरीके से देने का आरोप लगाया है।

Posted By: Inextlive