- पहली बार डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या संक्रमित मरीजों की संख्या के मुकाबले अधिक हुई, 658 ठीक होकर घर लौटे

- मरने वालों में दो राजधानी निवासी एक अन्य जनपद का

LUCKNOW: राजधानी में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड तोड़ कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 562 पहुंच गई। हालांकि राहत भरी खबर यह रही कि शुक्रवार को कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का भी रिकॉर्ड टूटा। 658 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। ऐसे में पहली बार डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या संक्रमित मरीजों की संख्या से अधिक रही। वहीं, तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई। मरने वालों में दो राजधानी निवासी एक अन्य जनपद के हैं।

शुक्रवार को सबसे ज्यादा 43 मरीज गोमतीनगर इलाके में मिले हैं। इनमें गोमतीनगर के 28 व विस्तार के 14 लोग हैं। यहां अब तक 145 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।

महानगर व इंदिरानगर में 50 पॉजिटिव

इंदिरानगर में शिविर लगातार जांच कराई जा रही है। पूरे इलाके को सील भी किया गया है। बावजूद इसके संक्रमण के मामले थम नहीं रहे हैं। इंदिरानगर में 28 और महानगर में 22 लोग वायरस की जद में आ गए हैं।

भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बढ़ा संक्रमण

शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में कोई डर नहीं दिखाई दे रहा है। यह स्थिति तब है जबकि विशेषज्ञ बताते हैं कि संक्रमण को रोकने के लिए शारीरिक दूरी व मास्क ही फिलहाल सबसे मजबूत शस्त्र है। शुक्रवार को अमीनाबाद में 10, चौक में 15, सआदतगंज में 12, बाजारखाला में 14, नाका में 13 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई।

आलमबाग में भी 37 लोग पॉजिटिव

आलमबाग में 37 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है। इनमें आलमबाग के 27 और कृष्णानगर में 10 लोग संक्रमित मिले हैं। कैंट में भी 10 लोगों में वायरस मिला। वहीं, हसनगंज में 19 लोग संक्रमित मिले हैं। मनकामेश्वर मंदिर वार्ड व हसनगंज में 80 से ज्यादा लोग संक्रमण की गिरफ्त में आ चुके हैं.658 मरीज हुए डिस्चार्ज

शुक्रवार को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 658 मरीज ठीक होकर अपने घरों को वापस पहुंचे। इसमें केजीएमयू से 41, टीएसएम से 44, हज हाउस से 15, ईएसआइ से 10, आरएमएल से तीन, राम सागर मिश्र से 39, प्रसाद मेडिकल कॉलेज से छह मरीज डिस्चार्ज किए गए।

तीन की गई जान

शुक्रवार को तीन और लोगों की मौत हो गई। सभी का इलाज केजीएमयू में चल रहा था। इनमें दो मरीज लखनऊ व एक दूसरे जिले का था। हजरतगंज निवासी 56 वर्षीय महिला की केजीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें बीती रात भर्ती कराया गया था। लिवर की गंभीर बीमारी भी थी। वहीं, खुर्रमनगर निवासी 82 वर्षीय महिला की मौत कोरोना वार्ड में हो गई। उन्हें 26 जुलाई को भर्ती कराया गया था। वह किडनी व सांस की बीमारी से ग्रस्त थीं। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ। सुधीर सिंह के मुताबिक, बैजुपुर निवासी 60 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

केजीएमयू के छह रेजीडेंट डॉक्टर भी चपेट में

केजीएमयू के छह रेजीडेंट डॉक्टर भी संक्रमित मिले हैं। आलम यह है कि इलाज करने वाले चार रेजीडेंट डॉक्टरों को 20 घंटे तक केजीएमयू में बेड नहीं मिला। हॉस्टल भेजने पर हंगामा करने लगे। देर शाम उनकी भर्ती हो सकी। दो अन्य रेजीडेंट में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। होल्डिंग एरिया में ड्यूटी के दौरान चार रेजीडेंट संक्रमित हो गए।

Posted By: Inextlive