कोरोना केसेस में कमी के चलते इसबार बार दीपोत्सव पर लखनवाइट्स का उत्साह देखते ही बन रहा था। आखिर एक लंबे अंतराल के बाद लोगों ने अपनों संग दीपावली का त्योहार मनाया। इसबार केवल ग्रीन-पटाखों को लेकर ही अनुमति थी। इसके बावजूद लोगों ने जमकर पटाखे छुड़ाये। वहीं शुक्रवार को गोवर्धन पूजा के दिन श्रीकृष्ण का भव्य श्रंगार के साथ 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया गया। इस दौरान पतंगबाजी का शौक हर तरफ लोग पूरा करते दिखाई दिये।

लखनऊ (ब्यूरो)। दिवाली पर पटाखों की गूंज पिछले वर्षों की तुलना में काफी ज्यादा सुनाई दी। इसबार केवल ग्रीन पटाखों को ही जलाने की अनुमति थी। इसके बावजूद आसमान पटाखों की रौशनी से जगमगा उठा। गुरुवार की शाम शुभ मुहूर्त में लोगों ने घरों में परिवार के साथ श्रीगणेश-लक्ष्मी की श्रद्धा व सत्कार के साथ पूजा की। इसके बाद एक दूसरे का मुंह मीठा कर दिवाली की बधाई दी। वहीं बड़ों द्वारा छोटों को दिवाली के गिफ्ट दिए गये। जिसे पाकर वो बेहद खुश हो उठे। आखिर एक लंबे समय के बाद लोगों ने पूरे हर्षोंल्लास के साथ दीपावली जो मनाई थी। देर रात तक लोगों का एक दूसरे के घर जाकर बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।

अधिकारियों ने मनाई दीपावली
कई अधिकारियों द्वारा गरीबों में खुशियां बांटकर दीपोत्सव का पर्व मनाया गया। अपर प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने झुग्गी-झोपडिय़ों में रहने वालों को मिठाई आदि गिफ्ट दिया। वहीं डीएम अभिषेक प्रकाश ने भी टिकैतगंज पहुंचकर बच्चों व परिजनों को फल, मिठाई व ग्रीन पटाखों को वितरित किया।

कान्हा को लगाया 56 भोग
शुक्रवार को कृष्ण मंदिरों व घरों में गोवर्धन पूजा की गई। साथ ही भगवान कृष्ण को 56 भोग लगाया गया। इस्कॉन मंदिर में गोवर्धन पूजा अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ इस्कॉन के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम दास द्वारा गोवर्धन शिला के अभिषेक एवं पूजा अर्चना करके किया गया, जिसके बाद आए हुए सभी भक्तों ने गोवर्धन एवं भगवान को छप्पन प्रकार का भोग लगाया। वहीं कथा के साथ ही भजन कीर्तन तथा नृत्य आदि हुआ। समापन प्रसाद अन्नकूट भंडार के साथ हुआ। डालीगंज स्थित श्रीमाधव मंदिर में अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महाभोग लगाकर आरती कर महाप्रसाद भक्तों में बांटा गया।

Posted By: Inextlive