- महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए मिशन शक्ति के तीसरे चरण का शुभारंभ

- सीएम योगी बोले, स्वावलंबी, सुरक्षित व सशक्त नारी ही नए उत्तर प्रदेश की नींव

LUCKNOW: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रदेश सरकार की ओर से मिशन शक्ति के तीसरे चरण का शनिवार को आरंभ किया गया। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि स्वावलंबी, सुरक्षित एवं सशक्त नारी शक्ति ही प्रदेश की नींव है, जिसे मजबूत करने के लिए मिशन शक्ति का तीसरा चरण शुरू किया जा रहा है। आधी आबादी को नजरअंदाज कर समाज, देश व प्रदेश तरक्की नहीं कर सकते हैं।

75 महिलाओं का सम्मान

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में गवर्नर आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण व सीएम योगी ने मिशन शक्ति के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 75 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि मिशन शक्ति का पहला चरण बीते वर्ष शारदीय नवरात्र में शुरू किया गया था। प्रदेश सरकार महिलाओं को आगे लाने के लिए कई कदम उठा रही है। प्रदेश में डेढ़ लाख पुलिस भर्ती में 20 फीसद पद महिलाओं के लिए हैं।

वैक्सीनेशन दूर करेगा आर्थिक संकट

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वैक्सीन उत्पादन में भारत सबसे आगे है। यहां छह वैक्सीन उपलब्ध हैं। प्रधानमंत्री के प्रयासों से बच्चों के लिए भी कोविड-19 वैक्सीन विकसित कर ली गयी है। इस समय आवश्यकता है कि पूरे देश में जल्द से जल्द टीकाकरण किया जाए ताकि हम कोरोना के कारण उत्पन्न हुए आर्थिक संकट को दूर कर सके।

दहेज प्रथा के खिलाफ लें संकल्प

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि आज हम सभी यहां से एक संकल्प लेकर जाएं कि अपने आसपास दहेज प्रथा पर अंकुश लगाएंगे व बाल विवाह नहीं होने देंगे। मिशन शक्ति का मूल उद्देश्य भी यही है।

बाक्स

अतिथियों का स्वागत

इससे पहले महिला कल्याण मंत्री स्वाती सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि अपोलो ग्रुप आफ हास्पिटल्स की संयुक्त प्रबंध निदेशक डा। संगीता रेड्डी ने कहा कि प्रदेश सरकार के साथ चिकित्सा के क्षेत्र में वे काम करना चाहती हैं। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम डॉ। दिनेश शर्मा, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम आदि मौजूद रहीं।

बाक्स

यह मिली सौगातें

- मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 1.55 लाख बेटियों के खातों में भेजे 30.12 करोड़ रुपए।

- बदायूं में वीरांगना अवंतीबाई बटालियन के प्रांगण का शिलान्यास।

- 59 हजार ग्राम पंचायत भवनों में मिशन शक्ति कक्ष की शुरुआत।

- 10 हजार से अधिक महिला आरक्षियों की बीट अधिकारी पद पर तैनाती।

- 84.79 करोड़ की लागत से 1286 थानों में ¨पक टायलेट के निर्माण का शिलान्यास।

- महिला बटालियनों के लिए 2982 पदों के लिए होगी विशेष भर्ती।

- झांसी व महोबा में दलहन व मूंगफली के लिए झलकारी बाई महिला प्रोड्यूसर कंपनी का गठन।

- जरी-जरदोजी सहित हस्तशिल्प के विकास के लिए महिला कंपनी का गठन

बाक्स

पिता की प्रेरणा से मिला सम्मान

राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की प्रवक्ता डॉ। अलका सिंह को उच्च शिक्षा श्रेणी के अंतर्गत राज्य स्तरीय मिशन शक्ति पुरस्कार दिया गया। सीएम योगी ने पुरस्कार प्रदान किया। नारी सशक्तीकरण की दिशा में अपने लेखन, भाषण और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रियता के चलते उन्हें पुरस्कार मिला है। उन्होंने बतायाकि पिता उदय भान सिंह की प्रेरणा और मां भारती सिंह के उत्साहवर्धन से यह सम्मान मिला है।

घर की रसोई से सिखाया व्यापार

जाके पांव न फटी बिवाई, वो क्या जाने पीर पराई इस कहावत को कोरोना काल में चरितार्थ किया आलमबाग की तृप्ता शर्मा ने। पहले आर्थिक विपन्नता की भंवर में फंसी तृप्ता शर्मा अब अपनी जैसी महिलाओं को काम सिखाकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा कर रही हैं। हिना स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को जोड़कर व रोजगार दिला रही हैं। तृप्ता बताती हैं कि बाजार से खड़े मसाले लाकर उसे पीसकर पैकेट तैयार करती हूं। फिर घर का काम निपटाने के बाद उसे बेचने निकलती हूं।

Posted By: Inextlive