- नाका के मोती नगर स्थित राजकीय बाल गृह व संवासिनी गृह की वारदात

- डीएम ने दिया मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, सात कर्मचारियों पर दर्ज हुई एफआईआर

LUCKNOW : राजकीय बाल गृह (बालिका) मोती नगर से पांच किशोरी शनिवार देर रात दीवार फांद कर फरार हो गई। पांचों किशोरी कुछ दिन पहले अगल-अलग जिले से बाल गृह बालिका में आई थीं। सभी किशोरी डायनिंग हाल में लगे बेसिन व खिड़की का सहारा लेकर छत के रास्ते फरार हो गई। सुबह पांच गायब होने की जानकारी सहायक अधीक्षिका को हुई। इसकी जानकारी उन्होंने नाका पुलिस और जिला प्रशासन को दी। वहीं डीएम अभिषेक प्रकाश ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश आदेश दिए हैं। अधीक्षिका की तहरीर पर बालगृह के सात कर्मचारियों के खिलाफ नाका पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

28 मि। में दीवार फांद हुई फरार

मोती नगर के राजकीय बाल गृह बालिका से रात करीब 2.58 बजे से 3.25 बजे के बीच पांच किशोरियों डायनिंग हॉल में पहुंचीं। वहां से पांचों बेसिन पर चढ़ कर खिड़की तक पहुंचीं और खिड़की के रास्ते गार्ड रूम के छत पर पहुंचीं। गार्ड रूम में बाहर होमगार्ड ड्यूटी पर तैनात था जबकि अंदर चार कर्मचारी व एक क्राफ्ट टीचर कैंपस में मौजूद थीं। छत पर पहुंचने के बाद पांचों किशोरी दीवार फांद कर बाहर निकल गई। पांचों युवतियों के फरार होने की घटना राजकीय बाल गृह में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांचों की तलाश कर रही है।

कुछ दिनों बाद ही जाना था घर

राजकीय बाल गृह (बालिका) की सहायक अधीक्षिका मिथलेश पाल ने बताया कि पांचों किशोरी अलग-अलग जिले से कुछ दिन पहले आई थीं। पांच किशोरियों में से चार बहला फुसला कर घर से ले जाई गई थीं जबकि पांचवीं रेप व पास्को की पीडि़त थी। उनके बयान दर्ज होने की कार्रवाई चल रही थी। नाबालिग होने के चलते सीडब्लूसी के तहत कार्रवाई के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाना था।

कानपुर में रहती हैं अधीक्षिका

पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है संवासिनियों के भागने में अधीक्षिका मिथलेश पाल और कर्मचारियों की लापरवाही मुख्य कारण है। परिसर में रहने के बजाय अधीक्षिका कानपुर में रहती हैं। घटना के वक्त सुरक्षाकर्मी सो रहे थे। जिम्मेदारों को क्लोज सर्किट कैमरे के कंप्यूटर का पासवर्ड तक नहीं पता था।

यह हुई फरार

1. हरदोई की17 वर्षीय किशोरी, गंगाघाट उन्नाव की 15 वर्षीय किशोरी, रजयपुर अमरोहा की 7 वर्षीय किशोरी, थाना सकरन सीतापुर की 16 वर्षीय किशोरी को बहसा फुसला कर भागा ले जाने के मामले में पुलिस ने बरामद किया था। वहीं शास्त्री नगर सुल्तानपुर की 16 वर्षीय किशोरी रेप व पास्को एक्ट की पीडि़ता थी, जिसे संवासिनी गृह लाया गया था।

इनकी रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक थी ड्यूटी

क्राफ्ट टीचर- मीना देवी

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी - शिक्षा भट्टाचार्य

शबीना व कविता (महिला) प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड ( कैंपस के अंदर)

विवेक जायसवाल व जमील चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (कैंपस

होमगार्ड अमित, गार्ड में तैनात

घटना का समय

रात 2.58 बजे से 3.25 बजे

इनके खिलाफ दर्ज हुआ केस

1. मीना देवी, क्राफ्ट टीचर, राजकीय बाल गृह बालिका मोती नगर नाका

2. शिखा भट्टाचार्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, राजकीय बाल गृह बालिका मोती नगर नाका

3. शवीना प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड, राजकीय बाल गृह बालिका मोती नगर नाका

4. कविता प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड, राजकीय बाल गृह बालिका मोती नगर नाका

5. विवेक जायसवाल, चतुर्थ श्रेणी, सेवा प्रदाता, राजकीय बाल गृह बालिका मोती नगर नाका

6. मो। जमील चतुर्थ श्रेणी, राजकीय बाल गृह बालिका मोती नगर नाका

7. अमित होमगार्ड, राजकीय बाल गृह बालिका मोती नगर नाका

डीएम ने दिया मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

राजकीय बाल गृह (बालिका) से पांच संवासिनी के फरार होने की जानकारी पर डीएम अभिषेक प्रकाश ने पूरे मामले में कर्मचारियों पर लापरवाही के तहत जांच के निर्देश दिये। पूरी घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। वहीं डीपीओ सुधाकर पांडेय समेत आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की। नाका पुलिस ने भी संवासिनियों की तलाश में बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन व अन्य जगहों पर तलाश शुरू कर दी है। इसके अलावा उनके गृह जनपद व स्थानीय थानों की पुलिस से भी संपर्क कर उनकी तलाश की जा रही है।

Posted By: Inextlive