- दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के लखनऊ कॉलिंग वेबिनार से जुड़ीं मेयर ने जनता को दी बड़ी राहत

LUCKNOW

दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के लखनऊ कॉलिंग (वेबिनार) मंच का बड़ा असर देखने को मिला है। रविवार को लखनऊ कॉलिंग से जुड़ीं मेयर संयुक्ता भाटिया ने दो जोन इंदिरानगर और गोमतीनगर में वेस्ट कलेक्शन की टाइमिंग निर्धारित कर दी है साथ ही स्पष्ट किया कि सुबह 6.30 से शाम 3 बजे तक दोनों जोन में हर घर और दुकान से वेस्ट कलेक्ट किया जाएगा।

अभियान का असर

दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से पिछले एक सप्ताह से 'सफाई पर ध्यान दो सरकार' अभियान चलाया जा रहा है। इसमें सफाई, वेस्ट कलेक्शन, ओपन डंपिंग प्वाइंट्स समेत हर उस बिंदु को प्रकाशित किया, जिससे स्मार्ट शहर की छवि पर गंदगी का दाग लग रहे हैं। लखनऊ कॉलिंग मंच को भी अभियान से जोड़कर आयोजित किया गया और मेयर संयुक्ता भाटिया ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं को समाप्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है।

ये रहे पैनल में शामिल

पैनल में शामिल भूतनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, समाज सेवी हेमंत भसीन और निशातगंज व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने कूड़ा कलेक्शन और सफाई की समस्या को रखा। इसके साथ ही आम जनता ने भी दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के वाट्सएप नंबर पर कई सवाल भेजे, जिन्हें मेयर के सामने रखा गया। मेयर ने भी सभी सवालों का जवाब दिया।

समय से उठे कूड़ा

समाज सेवी हेमंत भसीन ने कहाकि गलियों में वेस्ट कलेक्शन गाडि़यां नहीं आती हैं, जिससे लोगों को इधर-उधर वेस्ट फेंकना पड़ता है या प्राइवेट कर्मियों को वेस्ट देना पड़ता है। नगर निगम के जो कर्मी वेस्ट कलेक्ट करने आते हैं, वे झाड़ू नहीं लगाते। जबकि प्राइवेट कर्मी दोनों काम करते हैं। वेस्ट कलेक्शन गाडि़यों की टाइमिंग भी निर्धारित नहीं है।

मेयर का जवाब- मैं आज ही वेस्ट कलेक्शन गाडि़यों की टाइमिंग निर्धारित कर दे रही हूं। अगर आपके इलाके में झाड़ू नहीं लग रही है तो तत्काल इस समस्या को दूर किया जाएगा।

मार्केट में दोपहर में भी वेस्ट उठे

भूतनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने कहाकि मार्केट एरिया में सुबह तो वेस्ट कलेक्ट हो जाता है लेकिन दोपहर तक फिर से कूड़े के ढेर दिखने लगते हैं। जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

मेयर का जवाब- मार्केट एरिया में सुबह तो वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था को बेहतर कर दिया गया है। अगर दिन में किसी दुकान से वेस्ट निकलता है तो दुकानदार उस वेस्ट को डस्टबिन में रखें।

वेस्ट कलेक्शन पर दिया जाए ध्यान

निशातगंज व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने कहाकि निशातगंज मार्केट में तो सफाई व्यवस्था बेहतर है लेकिन न्यू हैदराबाद में सफाई और वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था की तरफ ध्यान देने की जरूरत है।

मेयर का जवाब- एरिया में तत्काल वेस्ट कलेक्शन और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए जोनल अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाएगी।

ओपन डंपिंग प्वाइंट होंगे समाप्त

मेयर ने जानकारी दी कि हर जोन में ओपन डंपिंग प्वाइंट की समस्या को समाप्त करने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। 100 से अधिक ओपन डंपिंग प्वाइंट्स को समाप्त किया जा चुका है और जो बचे हैं, उन्हें एक माह में खत्म कर दिया जाएगा।

वाट्सएप पर आई समस्याएं

1- तकरोही में भी वेस्ट कलेक्ट करने के लिए गाड़ी नहीं आती। इस समस्या को दूर किया जाए।

राजेश, तकरोही

2- मेरे एरिया में गाड़ी तो आती है लेकिन वेस्ट कलेक्ट किये बिना चली जाती है।

सुनीता, आलमबाग

3-ओपन डंपिंग प्वाइंट को खत्म किया जाना बेहद जरूरी है।

नरेंद्र, आशियाना

4-वेस्ट कलेक्ट करने वाली गाड़ी कभी सुबह आती है और कभी दोपहर में। टाइमिंग निर्धारित होनी चाहिए।

आकाश, अलीगंज

(स्पेस की प्रॉब्लम होने की वजह से सभी सवालों को प्रकाशित करना संभव नहीं है.)

मेयर ने की अपील

मेयर ने अपील की कि शहर को साफ रखने में सभी सहयोग दे। अक्सर देखने में आता है कि निगम कर्मी सफाई करते हैं और थोड़ी देर बाद उसी स्थान पर फिर से वेस्ट फेंक दिया जाता है। इस आदत को बदलना होगा।

Posted By: Inextlive