मनकामेश्वर मठ मंदिर की महंत देव्यागिरि की अगुआई में मनकामेश्वर घाट उपवन में शुक्रवार को उल्लास और श्रद्धा के साथ कार्तिक पूर्णिमा का विशेष अनुष्ठान हुआ। इस अवसर पर दो लाख से अधिक दीपक प्रकाशित किये गए। इसके साथ ही 11 वेदियों से मां गोमती की आरती की गई। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा के जोशीले गीतों ने राहगीरों तक को आयोजन स्थल की ओर खींच लिया।

लखनऊ (ब्यूरो)। अचार्य विवेकानंद के वेद मंत्रों के साथ बनारस की भांति घाट उपवन पर आकर्षक रूप से सजी 11 वेदियों से आदिगंगा मां गोमती की आरती की गई। इस दौरान सेवादारों के शंखनाद, बिगुल, घंटे घडिय़ाल के साथ बम बम भोले के जयकारों से घाट उपवन गूंज उठा।

दो लाख दीपकों ने धरा पर उतरे तार

दीपावली पर वैश्विक तीर्थ नगरी अयोध्या की तरह स्थानीय स्तर पर भी देव दीपावली पर सामूहिक दीपोत्सव का सुंदर दृश्य शुक्रवार को मनकामेश्वर घाट उपवन में देखने को मिला। वहां दो लाख से अधिक सामूहिक दीप प्रकाशित हुए तो लोगों के उत्साह देखते ही बना। लोगों ने इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और सेल्फ भी ली। इस पूरे आयोजन को व्यवस्थित करने के लिए विधिवत रूप से पूर्व योजना तैयार की गई थी। जिसके तहत हर सौ दीपकों का दायित्व एक स्वंय सेवक को सौंपा गया था। इस पूरे आयोजन में पन्द्रह लीटर वाले तेल के 150 डिब्बे लगे। इस महा अनुष्ठान की तैयारियां बीते एक सप्ताह से की जा रही थीं। घाट पर दीपों से जय श्रीराम, दीपक, त्रिशूल, कमल, नमो स्तुते मां गोमती जैसी मांगलिक आकृतियां भी बनायी गई थीं। इसके साथ ही मां दुर्गा, महादेव, मां काली, राम भक्त हनुमान और कमल लक्ष्मी का विशाल दरबार भी सजाया गया था। वह आस्था और सेल्फी का लोकप्रियता का प्रमुख स्थल बना। बड़ी संख्या में लोग अपने साथ मनकामेश्वर घाट उपवन पर दीपक प्रकाशित करने भी पहुंचे थे। उसमें बच्चों से लेकर उम्रदराज लोगों में खासा उत्साह दिखा। जगदीश गुप्ता के संचालन में पूनम विष्ट का रेखा मिश्रा ने भी भजन गाए।

लखबीर के भजनों से गूंजा मनकामेश्वर घाट
दूसरी ओर भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा ने भजनमाला पेश कर सभी को भक्तिरस से सराबोर किया। उन्होंने दया प्रेम और क्षमादान से आंचल भजन सुनाकर सभी में भक्ति से सराबोर किया। इस दौरान उन्होंने कई भजनों को पेश किया। जिसे सुनकर हर काई झूमता हुआ नजर आया।

1108 दीपों से रोशन हुआ झूलेलाल घाट

सनातन महासभा द्वारा कार्तिक पूर्णिमा व देव दिवाली के शुभ अवसर पर शुक्रवार को आदि गंगा मां गोमती महाआरती का भव्य आयोजन झूलेलाल वाटिका गोमती तट पर किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ। प्रवीण की अगुआई में देव दीवाली पर 1108 दीपों से झूलेलाल घाट रोशन हुआ। इसके अलावा सात मंचो और पात्रों से आदि गंगा मां गोमती महाआरती का भव्य आयोजन हरिद्वार की तर्ज पर मंगलाचरण, स्वस्तिवाच, शंखनाद व पुष्पांजलि के साथ संपन्न हुई। रंगोली के साथ गुरुनानक जयंती पर विशेष पूजन किया गया।

Posted By: Inextlive