- बलरामुपर में सौ बेड बढ़ाने को कहा

LUCKNOW: राजधानी में कोरोना के चलते अस्पतालों में बने हालातों का जायजा लेने रविवार को स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह लोकबंधु और बलरामपुर कोविड अस्पताल पहुंचे। यहां निरीक्षण करने के साथ उन्होंने स्टाफ और अस्पताल में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की सराहना करते हुए मरीजों के साथ अच्छा बर्ताव करने की सलाह दी, जिससे मरीजों को बेहतर महसूस हो और वो जल्द ठीक हो सकें।

मरीजों से की बातचीत

स्वास्थ्य मंत्री जेपी सिंह शाम करीब 5 बजे लोकबंधु कोविड अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले अस्पताल के जिम्मेदारों से बात कर वहां मरीजों को दी जाने वाली सभी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी की। इसके अलावा उन्होंने रिकार्ड रजिस्टर देख उपस्थित डॉक्टर और स्टाफ के काम करने के तरीकों के बारे में पूछताछ की। साथ ही स्टाफ की राउंड ड्यूटी चार्ट को भी देखा। इसके बाद अस्पताल में भर्ती मरीजो से वीडियो कॉल कर अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं और कर्मचारियों के व्यवहार के बारे में मरीजों से जानकारी ली। इस दौरान मरीजों के जवाब से मंत्री संतुष्ट नजर आये। अस्पताल के एमएस डॉ। अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण के दौरान कोविड वार्ड और कंट्रोल रूम को देखा, वह यहां दी जाने वाली सभी सुविधाओं और सहूलियतों से संतुष्ट नजर आए।

ऑक्सीजन के बारे में की जानकारी

स्वास्थ्य मंत्री इसके बाद बलरामुपर कोविड अस्पताल निरीक्षण के लिए शाम करीब 6 बजे पहुंचे। उन्होंने यहां पर अधिकारियों से ऑक्सीजन बेड की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जिम्मेदारों को जल्द सौ बेड और बढ़ाने का निर्देश दिया ताकि ज्यादा से ज्यादा मरीजों को राहत मिल सके। निदेशक डॉ। संतोष पांडेय ने बताया कि कई वाडरें में ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछा दी गई है। ऑक्सीजन सिलिंडर की आपूर्ति होने पर जल्दी इन्हें शुरू किया जाएगा, जिससे अधिक मरीजों की भर्ती की जा सकेगी।

Posted By: Inextlive