- शहर के कई इलाकों को फिलहाल प्रॉपर सेनेटाइजेशन का इंतजार

- पार्षदों की ओर से भी की जा रही है सेनेटाइजेशन की मांग

LUCKNOW: नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख इलाकों और मार्गो में तो सेनेटाइजेशन कराया जा रहा है, लेकिन कई इलाके ऐसे हैं जहां कोरोना केस सामने आने के बावजूद सेनेटाइजेशन नहीं हुआ है। इसकी वजह से जनता परेशान है। कई पार्षदों की ओर से भी सेनेटाइजेशन कराए जाने की मांग की जा रही है।

प्रभावित इलाकों पर फोकस

निगम प्रशासन की ओर से सेनेटाइजेशन संबंधी पूरा फोकस ऐसे इलाकों में किया जा रहा है, जहां कोरोना केस अधिक संख्या में सामने आए है जबकि कई इलाके ऐसे हैं, जहां केस भी अधिक हैं और कोरोना से मौतें भी हुई हैं, लेकिन ऐसे इलाकों में एक बार भी सेनेटाइजेशन नहीं हुआ है। इसकी वजह से उक्त इलाकों में रहने वाले लोगों के मन में डर है कि कहीं कोरोना संक्रमण और तेजी से न फैल जाए।

सेनेटाइजेशन बहुत जरूरी

कोरोना के संक्रमण को देखते हुए सेनेटाइजेशन कराया जाना बेहद जरुरी है। सेनेटाइजेशन होने से करीब आठ से दस दिन से संक्रमण के फैलने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। ऐसे में निगम प्रशासन को सभी इलाकों में सेनेटाइजेशन कराने पर फोकस करना होगा।

पिछले साल नियमित सेनेटाइजेशन

कोरोना की पहली वेव की बात करें तो निगम प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर हर एरिया में सेनेटाइजेशन कराया गया था। इस बार तस्वीर थोड़ी बदलती हुई नजर आ रही है। सेनेटाइजेशन तो हो रहा है, लेकिन सभी इलाकों में नहीं।

यहां सेनेटाइजेशन की जरूरत

लालकुआं वार्ड, उतरेठिया, सेक्टर 19 इंदिरानगर, गुडंबा, जानकीपुरम, बी ब्लॉक, इंदिरानगर, नाका, चौक, आलमबाग इत्यादि इलाकों में प्रॉपर सेनेटाइजेशन कराए जाने की जरूरत है।

1090 में कराया सेनेटाइजेशन

निगम प्रशासन की ओर से रविवार को 1090 चौराहे पर सेनेटाइजेशन कराया गया। नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी की मौजूदगी में व्यापर स्तर पर सेनेटाइजेशन कराया गया। वहीं शाम को इंदिरानगर के कई मोहल्लों में सेनेटाइजेशन हुआ।

बोले पार्षद

छोटी मशीनों से सेनेटाइजेशन किया जा रहा है जबकि वार्ड खासा बड़ा है। ऐसे में बड़ी मशीनों की मदद से सेनेटाइजेशन किए जाने की जरूरत है। अभी तक सब्जी मंडी इत्यादि एरिया में प्रॉपर सेनेटाइजेशन नहीं हुआ है।

सुशील तिवारी, पार्षद, लालकुआं वार्ड

पिछले साल की तरह इस बार सेनेटाइजेशन नहीं हो रहा है। सेनेटाइजेशन कराने के लिए निगम प्रशासन को फोन करना पड़ता है। निगम प्रशासन को तत्काल व्यापक स्तर पर सेनेटाइजेशन कराने की जरूरत है।

ममता चौधरी, पार्षद, मालवीय नगर वार्ड

Posted By: Inextlive