- किशोरी से रेप के मामले में डॉक्टर और कई रसूखदार भी शामिल

- नौकरी दिलाने के नाम पर नेपाल से लखनऊ लेकर आया था सिक्योरिटी गार्ड

- रेप में होटल संचालक और व्यापारी शामिल

LUCKNOW: नेपाली किशोरी से गैंगरेप का मामला सामने आते ही महानगर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल मुख्य आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के बाद तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक किशोरी से रेप करने वालों में कुछ रसूखदार भी हैं। इनमें व्यापारी और डॉक्टर के नाम शामिल हैं। पुलिस उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है।

स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड पर रेप का आरोप

डीसीपी उत्तरी रईस अख्तर ने बताया कि नेपाल की किशोरी ने महानगर थाने में बुधवार देर रात तहरीर दी, जिसमें महानगर स्थित एक मिशनरी स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड उप्रेता कुमार रसेल उर्फ छोटू पर रेप का आरोप लगाया। वह नेपाल के पिवठान जिले के खंगला स्थित तुसारा का रहने वाला है। पीडि़ता के मुताबिक परिवार में वह अपने मां, भाई और बहन के साथ रहती है।

नौकरी दिलाने के लिए नेपाल से लाया था

पीडि़ता ने आरोप लगाया कि उप्रेता उसे नेपाल से नौकरी दिलाने के नाम लखनऊ लाया था। आर्थिक तंगी के कारण वह उसके झांसे में आ गई। इसके बाद उप्रेता ने उसके साथ रेप किया। कई दिनों तक उसके साथ रेप करता रहा। इसी बीच अपने कई करीबियों से भी रेप कराया। इसमें एक होटल संचालक और एक व्यापारी भी शामिल हैं। पुलिस ने पीडि़ता की तहरीर पर उप्रेता व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू की।

सिक्योरिटी गार्ड समेत पांच अरेस्ट

पुलिस ने मिशनरी स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड उप्रेता उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद कई राज सामने आए। इसी आधार पर तीन अन्य लोगों को दबोच लिया। पकड़े गये लोगों में पुराना महानगर का जीतू कश्यप, अलीगंज के पांडेय टोला का अजय कुमार उर्फ बबलू उर्फ बबली यादव और महानगर सेक्टर ए का वरुण तिवारी शामिल हैं। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गर्भवती होने पर खुला राज

पीडि़ता के मुताबिक छोटू व उसके साथियों ने कई बार रेप किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी पेट दर्द होने पर डॉक्टर के पास जाने के बाद हुई। तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने बताया कि वह पांच महीने की गर्भवती है।

दो दिन तक एक थाने का लगाया चक्कर

पीडि़ता के मुताबिक वह गोमतीनगर के विशालखंड में किराए रहती है। वहीं पर छोटू भी आता जाता था। इसी दौरान उसने रेप किया। पीडि़ता का आरोप है कि जब उसे गर्भवती होने की जानकारी हुई और उसने इसकी सूचना छोटू को दी। वह वहीं पर मिलने आया और धमकी देने लगा। गर्भपात कराने के लिए दबाव बना रहा था। इसकी शिकायत गोमतीनगर थाने में की गई, लेकिन पुलिस उसे लगातार टरकाती रही। इसी बीच महानगर थाना क्षेत्र में उससे छोटू की कहासुनी और मारपीट हुई, जिसके बाद वह महानगर थाने गई।

कई रसूखदार भी शामिल

पुलिस के मुताबिक मामले में कई रसूखदारों के नाम भी सामने आये हैं। इसमें डॉक्टर और व्यापारी भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक उप्रेता नेपाल की युवतियों व किशोरियों को लेकर लखनऊ आता था। वह उनको बड़े घरों में नौकरी का झांसा देता था। इसके बाद कुछ कोठियों में काम दिलाने के बाद उनको रसूखदारों के साथ सोने के लिए मजबूर करता है। इसका खुलासा छोटू से पूछताछ के बाद हुआ। छोटू ने कई रसूखदारों के नाम लिये हैं, जिसने इस किशोरी के साथ रेप किया है। पुलिस उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने जा रही है। इनकी सूची तैयार हो गई है।

Posted By: Inextlive