- केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कांग्रेस पर बोला हमला, गिनाए नोटबंदी से हुए फायदे

- कहा, कांग्रेस को गुजरात जीत का भरोसा होता तो राहुल को बना देती अध्यक्ष

LUCKNOW (8 Nov)Ñ नोटबंदी का एक साल पूरा होने पर बुधवार को बीजेपी ने 'कालाधन विरोधी दिवस' के रूप में मनाया। इस मौके पर केंद्रीय कपड़ा और सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास का ऐसा फैसला है जो कालेधन के खिलाफ महायज्ञ है। नोटबंदी पर आम जनता से मिले समर्थन के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर करारा वार किया। नोटबंदी को राहुल गांधी द्वारा त्रासदी करार दिए जाने पर पलटवार करते हुए स्मृति इरानी ने कहा कि निश्चित तौर पर नेहरू-गांधी परिवार के लिए नोटबंदी त्रासदी है। क्योंकि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है।

राहुल पर नहीं कांग्रेस को विश्वास

बुधवार को बीजेपी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ। महेंद्रनाथ पांडेय के साथ स्मृति ईरानी पत्रकारों से मुखातिब हुई। उन्होंने दावा किया कि गुजरात और हिमांचल के चुनाव परिणाम भी भाजपा के पक्ष में आने वाले हैं। हालात ऐसे हैं कि अब कांग्रेस पशोपेश में पड़ी है कि राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाए कि नहीं। जिस नेता पर उनकी पार्टी विश्वास नहीं करती उस पर गुजरात की जनता को क्यों विश्वास होगा। ईरानी ने कहा,अगर कांग्रेस को गुजरात चुनाव की जीत का भरोसा होता तो वह राहुल को अध्यक्ष बना देती।

परेशानियों से उबरने को कर रहे हमला

स्मृति इरानी ने कहा कि राहुल अपनी ही पार्टी की भीतरी समस्याओं से घिरे हैं इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला कर रहे हैं। नोटबंदी को अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए स्मृति ने कहा कि गांधी परिवार भ्रष्टाचार का पर्याय रहा है। पहले टूजी, फिर कॉमनवेल्थ और कोयला घोटाला की दुनिया भर में चर्चा होती थी, लेकिन अब माहौल बदल गया है। जनता ने मोदी के नेतृत्व में भरोसा जताया है।

बॉक्स

गिनाए नोटबंदी के फायदे

नोटबंदी के फायदे गिनाते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि इस फैसले से एक करोड़ से ज्यादा मजदूर पीएफ के दायरे में आए हैं। नोटबंदी के बाद 2,24000 शेल (फर्जी) कंपनियों को बंद किया गया। जिनकी जांच सरकार ने शुरू कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ने कालेधन के लिए एसआईटी गठित करने को कहा था लेकिन, कांग्रेस ने नहीं किया। बेनामी संपत्ति पर 28 साल पहले जो कानून बना, उसे अमल में मोदी सरकार लाई। उन्होंने कहा कि कैश होल्डिंग को नियंत्रित किया गया और जो 1.60 लाख करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन एक साल में हुए हैं, उनकी जांच की जा रही है। पिछली बार बैंकों ने 63 हजार के करीब ऐसे मामले पकड़े थे, लेकिन अबकी यह संख्या तीन लाख 60 हजार से ज्यादा हो गई है। वित्तीय संस्थानों ने पिछले साल 40 हजार संदिग्ध लेन-देन की जानकारी दी थी, लेकिन इस साल बढ़कर 94 हजार से ज्यादा हो गई है। आयकर सर्च में अघोषित संपत्ति की जानकारी 38 फीसद बढ़ी है। स्मृति ने कहा कि नोटबंदी के बाद अब तक 55 लाख नये आईटीआर दाखिल हो चुके हैं। अर्थव्यवस्था की दृष्टि से भारत नवनिर्माण के नये पथ पर चल पड़ा है।

बॉक्स

आजाद भारत का सबसे बड़ा फैसला फैसला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ। महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा, नोटबंदी आजाद भारत का सबसे बड़ा फैसला है। कालाधन विरोधी दिवस की पहली वर्षगांठ पर उन्होंने जनता के प्रति आभार जताया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, मीडिया प्रभारी हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, सह प्रभारी आलोक अवस्थी, नवीन श्रीवास्तव, प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी समेत कई प्रमुख लोगों ने स्मृति ईरानी का स्वागत किया।

Posted By: Inextlive