- सिक्योरिटी गार्ड नशे की हालत में पहुंचा घर, पत्नी पर किया हमला

- चरित्र पर संदेह को लेकर अक्सर दोनों में होता था झगड़ा

- मां को खून से लथपथ देख, बच्चे दहशत में, दरोगा ने बचाई महिला की जान

LUCKNOW : विभूतिखंड के बड़ा भरवारा के युवक ने पत्नी पर संदेह के चलते उसकी हत्या का प्रयास किया। उसे शक था कि उसकी पत्नी की दोस्ती किसी दूसरे युवक से है। इसको लेकर अक्सर विवाद होता था। वह रविवार शाम नशे की हालत में घर पहुंचा। उसने पत्‍‌नी से कहासुनी के बाद बांका से हमला बोल दिया। हमले में पत्‍‌नी की गर्दन कट गई। गंभीर हालत में पड़ोसियों ने लोहिया में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने वारदात के चंद घंटों के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

शराब के नशे में पहुंचा घर, किया हमला

इंस्पेक्टर विभूतिखंड चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक मूलरूप से सुल्तानपुर के कादीपुर निवासी अमित कुमार सिंह बड़ा भरवारा में मकान बनवाकर रहता है। उसकी शादी गोंडा में हुई है। 2014 में शादी के बाद दोनों लखनऊ में रहने लगे। अमित कुमार सिंह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। पड़ोसियों के मुताबिक वह शराब का लती है। वह रविवार शाम करीब 5 बजे घर पहुंचा। उस समय वह काफी नशे में था। पत्‍‌नी से किसी बात पर कहासुनी हुई। इससे नाराज होकर उसने घर के अंदर रखे बांके से हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर पड़ोसी पहुंचे। पड़ोसियों को जुटता देख अमित वहां से भाग गया।

मां को खून से लथपथ देख बच्चे दहशत में

पुलिस के मुताबिक अमित की शादी करीब 6 साल पहले हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि वारदात के समय बच्चे भी कमरे में मौजूद थे। कहासुनी के बाद अमित की पत्‍‌नी बाहर निकल गई। उसके पीछे अमित भी बांका लेकर निकला। इस दौरान बच्चे कमरे में थे। मां की चीख सुनकर बच्चे बाहर निकले तो पिता खून से सना बांका लिए खड़ा था। वहीं मां फर्श पर खून से लथपथ तड़प रही थी। इंस्पेक्टर चंद्रशेखर के मुताबिक वारदात स्थल से चंद कदमों की दूरी पर संतोष सिंह भी रहते हैं। संतोष सिंह लखनऊ के क्राइम ब्रांच में तैनात हैं। उन्हें वारदात की सूचना मिली तो मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।

Posted By: Inextlive