LUCKNOW : हसनगंज में पुलिस कर्मी बन घूम रहे ठप्पेबाजों ने लूट का डर दिखा कर महिला से गहने हड़प लिए। महिला ने जालसाजों के खिलाफ हसनगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।

असली को नकली से बदल दिया

त्रिवेणीनगर निवासी गजेंद्र सिंह सिसौदिया की पत्‍‌नी वीना सामान लेकर घर आ रही थी। रास्ते में उन्हें खाकी वर्दी पहने व्यक्ति ने रोक लिया। पुलिस कर्मी के रूप में परिचय देते हुए युवक ने कहा कि लूट की वारदात होने के बाद भी आप लोग जेवर पहने कर बाहर निकलती हैं। अभी कुछ देर पहले ही आगे वाली गली में हत्या कर गहने लूटे गए हैं। यह बात सुन कर वीना डर गईं। उन्हें घबराते देख ठग ने जेवर उतार कर पुड़िया में रखने के लिए कहा। खाकी वर्दी पहने व्यक्ति की बात सुन कर वह चेन, चूड़ी और अंगूठी उतारने लगी। तभी पुलिस कर्मी के साथ मौजूद युवक ने उनके हाथ से गहने ले लिए। जिसे वह पुड़िया में लपेटने का नाटक करने लगा। इस बीच मौका पाकर आरोपी ने असली गहनों की जगह पुड़िया में नकली गहने रख दिए। फिर दोनों लोग वहां से चले गए। वीना ने युवकों के जाने के बाद पुड़िया खोली तो उसमें नकली गहने देख वह हैरान रह गई। इंस्पेक्टर हसनगंज यशकांत सिंह के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Posted By: Inextlive