- चर्च में देर रात तक होगी विशेष प्रार्थना, मार्केट में भी दिख रही क्रिसमस की रौनक

LUCKNOW:

हर्ष, उल्लास और खुशियों के पर्व क्रिसमस को लेकर राजधानी के ईसाई समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रभु यीशु के जन्म को लेकर एक ओर जहां चर्च में विशेष प्रार्थना की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। वहीं घरों को भी तरह-तरह की झालरों से सजाया गया है। मार्केट भी क्रिसमस के रंग में रंगीन नजर आ रहा है।

चर्च में होगी विशेष प्रार्थना

क्रिसमस सेलिब्रेशन को लेकर राजधानी के विभिन्न चर्च में विशेष प्रार्थना के साथ कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कैथेड्रल चर्च के फादर डोनाल्ड डिसूजा ने बताया कि सजावट और झांकी का काम पूरा हो चुका है। मंगलवार रात 10:30 बजे से प्रार्थना शुरू हो जाएगी। जो जन्म के समय रात 12 बजे तक चलेगी। जिसके बाद भक्तों में परम प्रसाद बांटा जाएगा। बुधवार को सुबह होली मॉस का आयोजन होगा। इसके साथ डांस-ड्रामा के कार्यक्रम होंगे।

होंगे कई कार्यक्रम

असेंबली ऑफ बिलीवर्स चर्च के प्रवक्ता मॉरिस कुमार ने बताया कि क्रिसमस को लेकर अलीगंज, आलमबाग, इंदिरानगर, हजरतगंज आदि चर्च में कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। चर्च में कैरल सिंगिंग, डांस, प्रभु यीशु जन्म पर आधारित नाटकों का आयोजन किया जाएगा। सेंटा बच्चों को गिफ्ट बांटेंगे। लालबाग चर्च, क्राइस्ट चर्च सहित अन्य चर्च में भी कई प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे।

घरों में हुई सजावट

क्रिसमस सेलिब्रेशन को लेकर ईसाई समाज के लोगों ने घरों में भी शानदार सजावट की है। क्रिसमस ट्री पर लाइटिंग के साथ स्टार, बेल और गिफ्ट के साथ सजावट की गई है। इसके साथ घरों में भी कलरफुल और डिजायनर लाइटिंग की गई है।

मार्केट में क्रिसमस का क्रेज

मार्केट में क्रिसमस की रौनक बढ़ती जा रही है। इस बार मार्केट में कैरल गाते सेंटा क्लाज, क्रिसमस ट्री, सेंटा मास्क, कैप आदि की डिमांड काफी है। बच्चों में सेंटा मास्क और कैप का सबसे ज्यादा क्रेज है। इसके साथ हर साइज में ग्रीन एंड व्हाइट क्रिसमस ट्री के अलावा डेकोरेशन में सेंटा क्लाज स्टैच्यू, वॉटर बॉल, मेट कैंडिल होल्डर विद ट्री, स्टार सबको आकर्षित कर रहे हैं।

बांटा जायेगा केक

क्रिसमस सेलिब्रेशन में केक का बड़ा महत्व है। यही कारण है कि क्रिसमस आने से काफी दिन पहले से ही जगह-जगह केक मिक्सिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाता है। वहीं राजधानी की तमाम बेकरी में तरह-तरह के केक लोगों को लुभा रहे हैं। प्लम केक, डेट केक, रम केक के साथ ही क्रिसमस शेप केक की इस बार काफी डिमांड देखने को मिल रही है। इन केक की कीमत 300 रुपये से शुरू होकर हजारों रुपये तक है। बेकरी में स्पेशल आर्डर पर भी केक बनाने का काम शुरू हो चुका है।

डेकोरेशन आइटम

आइटम रेट

क्रिसमस ट्री 275 से 2 हजार रुपये

क्रिसमस बेल 125 से 450 रुपये

सेंटा क्लाज ड्रेस 650 रुपये से शुरू

सेंटा कैप 50 रुपये से शुरू

कैंडिल होल्डर ट्री 175 रुपये से शुरू

म्यूजिकल सेंटा क्लाज 500 से शुरू

Posted By: Inextlive