- कुलपति से की गई मामले की शिकायत, हमीरपुर के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह चंदेल का महीनेभर चला इलाज

LUCKNOW

किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में एक राजनीतिक कैदी व पूर्व विधायक को बिना मेडिकल बोर्ड की अनुमति के भर्ती कर इलाज किए जाने का मामला सामने आया है। वादी ने इस मामले की शिकायत कुलपति से की है।

वादी के मुताबिक पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर मेडिसिन के डॉक्टर कैदी को मेडिकल बोर्ड की अनुमति के बगैर ही अपने विभाग में भर्ती कर कर अवैध तरीके से इलाज करते रहे। केजीएमयू पर राजनीतिक कैदियों को संरक्षण देने का आरोप पहले भी लगता रहा है।

इससे पहले पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति को भी इसी तरह करीब तीन माह तक भर्ती कर इलाज किए जाने का आरोप लगा था। वादी राजीव शुक्ला का आरोप है कि पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर मेडिसिन के एक बड़े डाक्टर ने इस बार हमीरपुर के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह चंदेल को एक महीने से भर्ती कर इलाज किया। शिकायत के बाद आनन फानन मरीज को शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया गया।

5 मार्च को कराए गए थे भर्ती

जानकारी के मुताबिक पांच मार्च को अशोक कुमार सिंह को सीने में दर्द की शिकायत के बाद आगरा मेडिकल कालेज से केजीएमयू रेफर किया गया था। गाइडलाइन के मुताबिक जिन पर भी कोर्ट ट्रायल चल रहा हो, उन्हें मेडिकल बोर्ड की अनुमति के बगैर भर्ती नहीं किया जा सकता। मगर इस राजनीतिक कैदी को सीधे नियमों को ताक पर रख कर भर्ती रखा गया। इस मामले में केजीएमयू प्रवक्ता डॉक्टर सुधीर सिंह का कहना है कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के आदेश दिए गए हैं।

Posted By: Inextlive