- छात्रा से छेड़छाड़ के विवाद में भड़का बवाल, कई थाने की फोर्स मौके पर

- दोनों पक्षों ने सआदतगंज थाने में दर्ज कराई क्रास एफआईआर

lucknow@inext.co.in

LUCKNOW :

सआदतगंज दाल मंडी के झब्बार टोला में छेड़छाड़ के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के बाद दोनाें पक्षों में जमकर ईट-पत्थर और लाठी डंडे चले। बताया जा रहा है कि एक पक्ष की ओर से फायरिंग भी की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस विवाद पर दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है।

विरोध पर विवाद

लोगों ने बताया कि सआदतगंज दाल मंडी के पास ग‌र्ल्स कॉलेज है। शाम 4.30 बजे स्कूल की छुट्टी के समय चाट के ठेले पर खड़े युवक छात्राओं से छेड़छाड़ करते हैं। एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के रियाज, फुरकान और इरफान छेड़छाड़ करते हैं। जिसका बुधवार को विरोध किया गया। उस समय तो ये मौके से भाग गए लेकिन कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ वापस आए और पथराव शुरू कर दिया।

दूसरा पक्ष भी आया सामने

एक तरफ से पथराव होने पर दूसरे पक्ष ने भी पथराव शुरू कर दिया। जिससे करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान दबंगों ने कई राउंड फायरिंग भी की। सूचना मिलने पर स्थिति को कंट्रोल करने के लिए सआदतगंज पुलिस के साथ कई थानों का फोर्स और अफसर भी मौके पर पहुंच गए।

कराई क्रास एफआईआर

कई घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने एक पक्ष से दालमंडी निवासी अर्जुन, विकास, दीपू को और दूसरे पक्ष से फुरकान, रियाज और इरफान को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए युवक भी घायल हैं। दोनों पक्ष के लोगों ने एक दूसरे के खिलाफ सआदतगंज थाने में मारपीट और पथराव का आरोप लगाते हुए क्रास एफआईआर दर्ज कराई है। जबकि चौकी इंचार्ज जेपी सिंह ने दोनों पक्षों के खिलाफ बलवा, पथराव और माहौल बिगड़ने के मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

Posted By: Inextlive