- 33.6 सेल्सियस अधिकतम तापमान

- 5 डिग्री अधिक रहा सामान्य से

- 17.7 सेल्सियस न्यूनतम तापमान

- 5 डिग्री अधिक रहा सामान्य से

- अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद

- अगले एक हफ्ते तक मौसम में किसी तरह का नहीं होगा बदलाव

LUCKNOW: राजधानी में खिली धूप के चलते दिन में खासी गर्मी महसूस की जा रही है। फरवरी से ही पंखे चलने लगे हैं, वहीं सुबह-शाम मौसम बेहद खुशनुमा हो रहा है। बीते आठ-दस दिन से मौसम ऐसा ही बना हुआ है। अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहने की उम्मीद है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 15 से 17 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक हफ्ते तक मौसम में किसी तरीके के बदलाव की उम्मीद नहीं है।

आज भी ऐसा ही रहेगा मौसम

यह मौसम होली की तैयारियों के लिए बेहद अनुकूल साबित हो रहा है। होली को अभी समय है, बावजूद इसके लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। छतों पर सूखते चिप्स, कचरी और पापड़ होली के आने का सुखद संकेत दे रहे हैं। मौसम भी इसमें साथ दे रहा है। शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। रविवार को भी मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है।

सेहत के मद्देनजर रखें सावधानियां

सुबह और शाम हल्की ठंड और दिन में गर्मी के इस मौसमी बदलाव में सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। बदलते मौसम में सामान्य बुखार, जुकाम, खांसी और किसी भी प्रकार के फ्लू का खतरा ज्यादा रहता है। इससे बचाव के लिए तरल पदार्थ जैसे छाछ, नींबू पानी, फलों या सब्जियों का रस, सूप और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। इससे शरीर में मौजूद विषैले तत्व बाहर निकल जाते हैं।

Posted By: Inextlive