- डिफेंस कॉलोनी के लोगों ने शनिवार को बड़ी राहत महसूस की।

- सहारनपुर वन प्रभाग के शिवालिक वन क्षेत्र में ले जाकर सुरक्षित छोड़ा गया।

Meerut वासियों को बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने के लिए निगम की ओर अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, डिफेंस कॉलोनी के लोगों ने शनिवार को बड़ी राहत महसूस की। मथुरा की टीम ने पिंजरा लगाकर यहां से 139 बंदरों को पकड़ा। इन्हें सहारनपुर वन प्रभाग के शिवालिक वन क्षेत्र में ले जाकर सुरक्षित छोड़ा गया।

उत्पात मचाते थे बंदर

मवाना रोड स्थित डिफेंस कालोनी में बड़ी संख्या में बंदरों का डेरा था। लंबे समय से उत्पात मचा रहे थे। बंदरों के काट लेने का भय व्याप्त था। कालोनी के लोगों की शिकायत पर नगर निगम अधिकारियों ने मथुरा की टीम को बंदर पकड़ने के लिए भेजा। टीम के सदस्यों ने शुक्रवार को ही डिफेंस कालोनी के ए-ब्लाक में पिंजरा लगा दिया था।

खाद्य सामग्री रखी

बंदरों को पिंजरे के अंदर लाने के लिए केले, चने, बिस्किट समेत अन्य खाद्य सामग्री रखी गई थी, ताकि सुबह तक बड़ी संख्या में बंदर एकत्र हों और उन्हें पकड़ा जा सके। टीम के सदस्य अपनी रणनीति में कामयाब हुए। दोपहर एक बजे तक 139 बंदर उनके बिछाए जाल में फंस गए। इन्हें छोटे-छोटे पिंजरों में रखा गया। दोपहर दो बजे के बाद नगर निगम के वाहन से पिंजरों में बंद बंदरों को सहारनपुर वन प्रभाग के शिवालिक वन क्षेत्र में छोड़ने के लिए टीम रवाना हो गई।

दोबारा चलेगा अभियान

मथुरा की टीम के सदस्य राशिद व जावेद ने कहा कि डिफेंस कालोनी में अभी और बंदर मौजूद हैं। इनको पकड़ने के लिए यहां दोबारा अभियान चलाया जाएगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा। गजेंद्र सिंह ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बंदरों के काटने की घटनाएं अत्यधिक बढ़ गई हैं। जनहित में बंदर पकड़ने का अभियान जारी रहेगा।

Posted By: Inextlive