3.5 डिग्री दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान

ठिठुरते रहे लोग, धूप से भी नहीं मिली राहत

40 साल में सबसे ठंडा दिन रहा 17 दिसंबर 2020

Meerut । बर्फीली हवाओं से सर्दी का सितम गुरुवार को भी जारी रहा। गुरुवार को साल का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्यियस से भी नीचे दर्ज किया गया। हालांकि, दिनभर धूप निकली लेकिन शीत लहर के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। हल्की धूप भी सर्दी से राहत नहीं दिला सकी। सुबह से सर्द हवाओं ने लोगों को घर में रहने पर मजबूर कर दिया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से शीतलहर बढ़ी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी एक दो दिन में और सर्दी बढ़ेगी। वहीं, 17 दिसंबर के आंकड़े को देखे तो बीते 40 साल में 17 दिसंबर 2020 का दिन सबसे ठंडा दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक ए एन सुभाष ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो नॉर्मल से 10 डिग्री कम था, वहीं न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आगे दो दिन और ज्यादा सर्दी पड़ेगी। गुरुवार की सुबह हालांकि कोहरा नहीं था, लेकिन ठंडक ने लोगों का जीवन दुश्वार कर दिया। सुबह खिली हल्की धूप दोपहर तक बनी रही। सर्दी से यह धूप राहत नहीं दिला सकी।

सर्दी से दो चार

बीते एक सप्ताह से सर्दी लगातर बढ़ रही है। पहले बारिश से लोगों को दो-चार होना पड़ा। इसके बाद मौसम में कुछ सुधार के संकेत नजर आए तो सूर्य देव ओझल हो गए थे। पहाड़ों पर पड़ रही बर्फ, ठंडी तेज हवा व धूप न निकलने के कारण तापमान नीचे की और चला गया। दोपहर बाद से लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।

Posted By: Inextlive