वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव हैं लिहाजा प्रशासन अलर्ट मोड में है। प्रशासन ने संगीन अपराधों में शामिल शहर के 21 लोगों की सूची लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए एसएसपी को प्रेषित की है।

मेरठ, ब्यूरो। सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार भट्ट ने बताया कि 21 लाइसेंस धारकों की सूची तैयार की गई है। इनके खिलाफ जघन्य अपराध दर्ज हैैं। सूची एसएसपी को भेजी गई है। जांच के बाद यदि एसएसपी की तरफ से लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की जाती है तो इन लाइसेंस धारियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त होंगे।

एक्टिविटी पर नजर
जिले में तकरीबन 20 हजार लोगों के पास शस्त्र लाइसेंस हैैं। विधान सभा चुनाव नजदीक आते ही पुलिस -प्रशासन लाइसेंस धारियों की गतिविधियों पर नजर रखने लगा है। ऐसे शस्त्र लाइसेंस धारकों की सूची तैयार की जा रही है। जो संगीन अपराधों में शामिल हैैं। मेरठ शहर से ऐसे ही 21 लाइसेंस धारियों की सूची सिटी मजिस्ट्रेट ने तैयार की है।

एसएसपी को भेजी लिस्ट
इन लाइसेंसधारियों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, दुष्कर्म आदि जघन्य अपराधों में मुकदमा दर्ज हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने इनकी सूची एसएसपी को प्रेषित की है। पुलिस द्वारा इनकी गतिविधियों की जांच कर सिटी मजिस्ट्रेट को दी जाएगी। यदि इन लाइसेंस धारियों पर फिर से कोई मुकदमा दाखिल हुआ मिलता है तो इनके लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी

Posted By: Inextlive