नवागत नगरायुक्त मनीष बंसल ने गुरुवार को संभाला पद भार

पदभार ग्रहण करने के बाद निगम परिसर का किया निरीक्षण

Meerut नगर आयुक्त मनीष बंसल ने गुरुवार को चार्ज ग्रहण कर लिया। दरअसल, नगरायुक्त अरविंद चौरसिया के तबादले के बाद नए नगरायुक्त मनीष बंसल को भेजा गया है। गुरुवार को चार्ज लेते ही नवागत नगरायुक्त मनीष बंसल अपने फॉर्म में दिखे। उन्होंने निगम परिसर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान निगम के आला अधिकारियों ने सारे विभागों की जानकारी दी। नवागत नगरायुक्त ने चार्ज लेने के बाद शहर की सफाई और जन समस्याओं का तत्काल निस्तारण को प्राथमिकता बताया।

कार्यालय का किया निरीक्षण

नगरायुक्त मनीष बंसल की बतौर नगरायुक्त मेरठ में पहली पोस्टिंग हुई है। कैंप कार्यालय पर आला अधिकारियों से मुलाकात के बाद नगरायुक्त ने नगर निगम परिसर में निरीक्षण किया। इस दौरान जन्ममृत्यु पंजीकरण विभाग, कर विभाग, निर्माण विभाग, जलकल कार्यालय आदि का निरीक्षण किया।

जल्द होगा समाधान

नगरायुक्त मनीष बंसल ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में मेरठ का प्रदर्शन पहले जिन कारणों से खराब रहा उन पर काम किया जाएगा। इसके लिए आला अधिकारियों से बैठक की जाएगी। शहर साफ रहे इसलिए स्वच्छता प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए जो काम जरुरी है वह पहले किए जाएंगे। इसके अलावा जनता की शिकायतों का जल्द से जल्द निस्तारण होगा। शिकायतें दूर होंगी तो निगम का काम जनता को दिखेगा।

Posted By: Inextlive