सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला, खिलाड़ी घायल

पीडि़त ने आरोपियों के खिलाफ दी तहरीर, दबिश

Meerut। एकेडमी में बाहरी युवकों को खेलने से रोकना एक खिलाड़ी को भारी पड़ गया। युवकों ने उस पर हमला कर दिया। बैट और स्टंप से जमकर पीटा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपित भाग गए। पीडि़त ने तहरीर दे दी है।

ये है मामला

मूल रूप से अयोध्या निवासी धर्मेद्र यादव सिविल लाइन क्षेत्र में जेल चुंगी में किराये पर रहते हैं। वह सूरजकुंड स्थित बीडीएम क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस करते हैं। कोच अनुज गुप्ता ने बताया कि फिलहाल एकेडमी बंद है, लेकिन साफ-सफाई के लिए सुबह के समय कुछ देर के लिए खोली जाती है। बुधवार सुबह धर्मेद्र एकेडमी में साफ-सफाई कर रहे थे। तभी कुछ बाहरी युवक आकर खेलने लगे। उन्होंने विरोध किया तो कहासुनी हो गई।

फरार हो गए आरोपी

आरोप है कि युवकों ने धर्मेंद्र पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी फरार हो गए। कोच और अन्य खिलाड़ी भी पहुंच गए और घायल को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे। पीडि़त ने सूरजकुंड निवासी यशवंत और अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

शराब के नशे में जीजा को पीटा

टीपीनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरम निवासी अंकित और उसका दोस्त आशु साईपुरम स्थित कैरमबोर्ड बनाने की फैक्ट्री में काम करते हैं। साथ में अंकित का जीजा बिल्लू निवासी नई बस्ती भी काम करता है। मंगलवार रात तीनों मेवला फाटक के पास बैठकर शराब पी रहे थे। तभी किसी बात पर जीजा-साले में विवाद हो गया। अंकित और आशु ने बिल्लू की पिटाई कर दी। पुलिस ने बिल्लू को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। पीडि़त ने तहरीर दे दी है।

म्यूजिक सिस्टम बंद नहीं करने पर मारपीट

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इत्तेफाक नगर निवासी फरागत ई-रिक्शा चलाता है। बुधवार दोपहर वह ई-रिक्शा में म्यूजिक सिस्टम बजाते हुए जा रहा था। श्यामनगर में कुछ युवकों ने उसे बंद करने को कहा। मना करने पर उसकी पिटाई कर दी। ई-रिक्शा में भी तोड़फोड़ की। फरागत की मां सबीला और भांजा पहुंचा तो उसे भी पीटा। पीडि़त ने तहरीर दे दी है।

Posted By: Inextlive