संघ परिवार ने जिमखाना मैदान से रैली निकालकर किया जागरूक

जय श्रीराम व भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

Meerut : अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए शुरू हो रहे निधि समर्पण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रविवार को संघ परिवार ने जिमखाना मैदान से भव्य जनजागरण बाइक रैली निकाली। इसमें राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद समेत अन्य अनुषांगिक संगठनों ने सहभागिता की। भारत माता की जय, जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा माहौल गुंजायमान हो उठा। श्रीराम के चित्र से सुशोभित धर्म ध्वजाओं को मुक्त हवा में लहराता देखकर राह में हर व्यक्ति का मन आनंदित व राममय होता रहा।

राम भक्ति से सराबोर

विहिप के प्रांत संगठन मंत्री नागेंद्र समर्थ व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महानगर संघ चालक एवं अभियान समिति के महानगर अध्यक्ष विनोद भारती ने भगवा पताका दिखा रैली को रवाना किया। सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में भगवा पताका लहराते हुए राम भक्ति से सराबोर नजर आए। रैली में साउंड सिस्टम पर बज रहे भजनों पर कार्यकर्ता मग्न हो आगे बढ़ते रहे। रैली बेगमपुल, मेट्रो प्लाजा, दिल्ली चुंगी, घंटाघर, इंदिरा चौक, हापुड़ अड्डा, गढ़ रोड से तेजगढ़ी होकर सूरजकुंड स्थित श्रीमनोहरनाथ मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में विशेष तौर पर एक वाहन पर अयोध्या में बनने वाले श्रीराम मंदिर का प्रतिरूप भी प्रदर्शित किया गया। इस दौरान रैली में संघ के महानगर कार्यवाह एवं महानगर अभियान प्रमुख अवनीश पाठक, विहिप से महानगर संगठन मंत्री गौरव प्रताप, सह अभियान प्रमुख अवनीत बंसल, मधुबन आर्य, भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष वीनस शर्मा, महामंत्री रमन ढींगरा, क्षेत्रीय मंत्री प्रवीण भड़ाना, एबीवीपी महानगर संगठन मंत्री सनी तोमर, हिंदू जागरण मंच सचिन सिरोही, भाजपा से पीयूष शास्त्री, गोपाल शर्मा, बलराज डूंगर आदि मौजूद रहे। रैली का स्वागत करने के लिए चौक-चौराहों पर पहले से ही कार्यकर्ता डट गए। जैसे-जैसे रैली आगे बढ़ती रही स्वागत का क्रम तेज हो चला गया। बेगमपुल, रेलवे रोड चौराहा, बागपत अड्डा, शारदा रोड, घंटाघर समेत अन्य जगहों पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। विधायक डा। सोमेंद्र तोमर ने भी रैली का स्वागत किया। जनजागरण रैली में शामिल युवकों ने शहर में जमकर हुड़दंग मचाया। एक बाइक पर तीन-तीन युवक सवार थे। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में स्टंट किए और बुलेट से पटाखे जैसी तेज आवाज निकाली। महामारी अधिनियम व ट्रैफिक नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। शहर के प्रत्येक प्वाइंट पर पुलिसकर्मी तैनात किये गए थे। पुलिस के सामने ही बाइकर्स ने स्टंट किए। रैली में शामिल अधिकांश लोग बे-मास्क थे।

Posted By: Inextlive