ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की समर कालानी डी ब्लॉक का मामला

चाकूबाजी में एक युवक घायल, एक युवक हिरासत में

Meerut। मामूली बात पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। चाकूबाजी में एक युवक जख्मी हो गया। आसपास के लोगों ने मामले को शांत कराया तो दोनों पक्षों की महिलाएं थाने में भिड़ गईं। महिला पुलिस कर्मियों ने उनको शांत कराया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है। दोनों पक्षों ने मारपीट की तहरीर दी है।

लाठी-डंडे और चाकूबाजी

ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की समर कालोनी डी ब्लाक निवासी गुल्लू और आबिद आसपास रहते हैं। बुधवार को आबिद से गुल्लू की पत्नी रूबी बात कर रही थी। इसका आबिद की पत्नी नाजिश ने विरोध किया तो दोनों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। इसके बाद दोनों पक्षों के पुरुषों में लाठी-डंडे चले। चाकूबाजी में गुल्लू घायल हो गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आबिद के भाई भूरा को हिरासत में ले लिया।

थाने में मारपीट

वहीं, दोनों पक्षों की महिलाओं में थाने में मारपीट हो गई। हंगामा होने पर महिला पुलिस कर्मियों ने जैसे-तैसे स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वहीं, थाना प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लिया गया है। घायल का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।

Posted By: Inextlive