- आरोपी नकुल भी भूड़बराल का रहने वाला है, जिसने पड़ोसी की कार में की वारदात

-पीडि़त महिला से दोस्ती करने के बाद दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था

Meerut : चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी वारदात के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश डालकर कार को भूड़बराल से बरामद कर लिया। दरअसल, मुख्य आरोपी नकुल भी भूड़बराल का रहने वाला हैं, जिसने पड़ोसी की कार में साथियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। नकुल और कार स्वामी दोनों ही गांव से फरार हो गए हैं। साथ ही पुलिस ने महिला का मेडिकल करा दिया है। सोमवार को उसके अदालत में बयान दर्ज कराए जाएंगे।

युवक के झांसे में आई महिला

दिल्ली के कश्मीरी गेट की रहने वाली महिला के पति को छोड़कर चली आई थी, जो दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर का काम करने वाले नकुल के झांसे में आ गई। महिला ने बताया था कि कार में दो व्यक्ति उसे लेकर आए थे। राजनगर एक्सटेंशन पर नकुल उसे मिला था। महिला ने कार में सवार दो व्यक्ति और नकुल पर चलती कार में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। नकुल उसे देहरादून में शादी करने की बात कह कर ले कर जा रहा था, लेकिन अचानक तबियत बिगड़ने पर शनिवार की दोपहर मोदीपुरम स्थित सर्व हित अस्पताल में छोड़ कर चला गया था।

पुलिस ने दी दबिश, आरोपी फरार

नकुल के छोड़ कर चले जाने पर बदहवास हुई पीडि़ता ने नकुल और कार में सवार दो अन्य व्यक्तियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। रविवार को सुबह भूड़बराल से पुलिस ने उस कार को बरामद कर लिया, जिसमें महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। कार भूडबराल निवासी नीरज गुप्ता की है। एसओ सतेंद्र कुमार ने बताया नीरज घर पर नहीं मिला। उसके परिजनों ने बताया कि नकुल उनका पड़ोसी है। उसने ही कार किराए पर ली थी। वहीं नकुल घर से फरार मिला। उसकी पत्नी से पुलिस ने पूछताछ की। एसओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि कार जब्त कर ली गई है। महिला के सोमवार 164 के बयान कराए जाएंगे।

नकुल के प्रति प्रेम में कमी नहीं

पत्नी के साथ हादसा होने की सूचना पर रविवार की सुबह पीडि़ता का पति दिल्ली से मेरठ पहुंचा। वहीं पीडि़ता ने बताया कि नकुल उसका दोस्त था, दोस्ती की कोई उम्र नहीं होती है। उसने उसके साथ गलत किया, लेकिन अब दोनों परिवार और बच्चों का मामला है। वहीं सूत्रों के अनुसार नकुल के भी दो बच्चे हैं। सबसे छोटा बच्चा दो साल का है। पति ने बताया कि पत्नी से गलती हुई है। उसने बताया कि पत्नी की दिमागी हालत सही नहीं है इसी का फायदा नकुल ने उठा लिया।

Posted By: Inextlive