-बागपत से आए तीन किशोरों पर बोला था हमला

-बीच-बचाव में आए कर्मचारी को भी पीटा गया

MEERUT :सूरजकुंड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह मंगलवार दोपहर एक बार फिर अखाड़ा बन गया। बागपत से आए तीन किशोरों पर संप्रेक्षण गृह के किशोरों ने हमला बोल दिया। इससे तीनों घायल हो गए। इन्हे बचाने आए स्टॉफ से भी किशोरों ने मारपीट की।

ये है मामला

सूरजकुंड स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह में मंगलवार को करन कौशिक हत्याकांड के मामले में सुनवाई हो रही थी। करन की लाश को कब्र से बाहर निकालने वाला आरोपी अपना पक्ष रख रहा था। इसी दौरान बागपत में पकड़े गए तीन किशोर को मेरठ संप्रेक्षण गृह में रखने के लिए लाया गया। तीनों किशोर को रजिस्टर में एंट्री करने के बाद संप्रेक्षण गृह में अंदर लिया गया।

कहासुनी के बाद भिडंत

इसी दौरान संप्रेक्षण गृह में पहले से रह रहे कुछ किशोरों ने बागपत से आए किशोरों को रोक लिया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। संप्रेक्षण गृह के किशोरों ने बागपत से आए तीनों किशोरों को जमकर पीटा।

जमकर चली कुर्सियां

बागपत से आए एक किशोर के सिर पर कुर्सी मारकर उसका सिर फाड़ दिया। वहीं बाकी दोनों किशोरों को भी गैलरी में घसीट-घसीटकर पीटा। एक किशोर को सीढि़यों में धकेल दिया गया। बाहर गेट पर तैनात पुलिसकर्मी और होमगार्ड सूचना पर मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव में एक कर्मचारी को भी किशोरों ने दबोच लिया और जमकर पीटा।

एक घंटा तक चला हंगामा

पूरा घटनाक्रम करीब एक घंटे तक चला। सूचना पर नौचंदी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस, होमगार्ड और कर्मचारियों ने बामुश्किल किशोरों को काबू किया।

जिला अस्पताल में भर्ती कराया

घायल किशोरों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। इस दौरान जिस किशोर का सिर फट गया था, उसे भर्ती किया गया है। बाकी को उपचार के बाद संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

कई बार हो गया बवाल

बाल संप्रेक्षण गृह में पूर्व में कई बार हो चुका बवाल। संप्रेक्षण गृह में मारपीट और भिड़ंत की 20 से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं। एक सिपाही भी इस भिड़ंत की भेंट चढ़ चुका है। इसके बावजूद घटनाएं थम नहीं रही हैं।

वर्जन

बागपत से तीन किशोरों को संप्रेक्षण गृह में रखने के लिए लाया गया था। यहां मारपीट में तीन किशोर घायल हो गए। फिलहाल स्थिति सामान्य है।

हरशरण शर्मा, इंस्पेक्टर, नौचंदी

Posted By: Inextlive