लोहियानगर में जल निगम की कंस्ट्रक्शन कंपनी ने शुरू किया कार्य

तीन माह में बस डिपो का निर्माण करने का दिया गया समय

Meerut। साल 2020 में सिटी बस की कमी से जूझे शहर के लोगों को 2021 में सिटी बसों की सौगात मिल सकती है। लोहियानगर में इलेक्ट्रिक सिटी बसों का चार्जिग स्टेशन बनाने की कवायद तेजी से शुरू हो गई है। तय टारगेट के अनुसार मार्च माह के अंत तक यह स्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद कानपुर में खड़ी मेरठ की इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने की संभावना है।

लोहियानगर में शुरू हुआ काम

मेरठ में 50 इलेक्ट्रिक बसों का पहले चरण में शुरू किया जाएगा। स्पेशल परपज व्हीकल (एसपीवी) के तहत कंपनी बनाकर इन बसों का संचालन किया जाएगा। इसके चाìजग स्टेशन के लिए एमडीए ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को लोहियानगर में पांच एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है। बस स्टेशन के निर्माण के लिए 11.86 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। सीएंडडीएस के अनुसार मार्च 2021 तक स्टेशन के निर्माण का काम पूरा कर लिया जाएगा।

अत्याधुनिक होंगी बसें

इलेक्ट्रिक सिटी बसें पूरी तरह वातानुकूलित होंगी। मेट्रो की तरह हर स्टॉपेज आने से पहले बताया जाएगा। इन बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी होंगे। इसके अलावा जीपीएस भी लगाया जाएगा। एक बार में फुल चार्ज होने पर बस 150 किमी तक चलेगी। फुल चार्ज होने पर 250 यूनिट बिजली खर्च होगी। वहीं बस डिपो पर भी टिन शेड, बैंच, पेयजल और शौचायल आदि की व्यवस्थाएं यात्रियों के लिए रहेगी।

लोहियानगर में सिटी बस स्टेशन बनाने का काम शुरू हो चुका है। प्रयास है कि मार्च माह तक कंपनी स्टेशन बनाकर सुपुर्द कर दे उसके बाद बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

अनिल अग्रवाल, एआरएम

Posted By: Inextlive