साहब! जलभराव से निजात दिलाइए
-नारकीय जीवन जी रहे मुल्तान नगरवासियों ने किया नगर आयुक्त का घेराव
-आई नेक्स्ट ने मुल्तान नगर में जलभराव को लेकर निगम को था चेताया Meerut: नगर निगम वार्ड संख्या 20 स्थित मुल्तान नगर में भारी जलभराव से त्रस्त लोगों ने शुक्रवार को नगर आयुक्त का घेराव किया। परेशान लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में जलभराव के कारण विकट हालात बने हुए हैं। गली-मोहल्लों में पानी इस कदर भरा है कि लोगों का घरों से निकलता तक मुहाल हो गया है। नगर आयुक्त ने दो माह के भीतर समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है। जलभराव से आफतशुक्रवार को मुल्तान नगर के सैकड़ों महिला ऑटो में सवार होकर नगर निगम कार्यालय पहुंची। क्षेत्र में जलभराव से आक्रोशित महिलाओं ने नगर आयुक्त एसके दुबे का घेराव करते हुए समस्या के निस्तारण की मांग की। महिलाओं का कहना था कि बारिश के चलते क्षेत्र में जलभराव से विकट हालात खड़े हो गए हैं। गली-मोहल्लों में तीन-तीन फिट तक पानी खड़ा है, जिसमें बच्चों के गिरने से कई बार दुर्घटना होते बची है। पार्षद प्रवीन राही ने बताया कि वार्ड संख्या 20 में पानी की निकासी बिल्कुल बंद है, जिससे जरा सी बारिश से ही दुर्दशा हो जाती है।
आई नेक्स्ट ने चेताया थाआई नेक्स्ट की ओर से मानूसन को लेकर चलाए गए अभियान 'डराता है मानसून' में मुल्तान नगर में जलभराव का मामला प्रमुखता से उठाया गया था। इसके साथ क्षेत्र की समस्या के बारे में भी आई नेक्स्ट ने नगर निगम को चेताया था, लेकिन निगम प्रशासन ने समस्या पर कोई ध्यान ने देकर स्थिति को और अधिक खराब होने दिया, जिससे हालात बद से बदतर हो गए।
मैं खुद जाकर प्रभावित क्षेत्र का सर्वे करूंगा। उन कारणों को तलाशा जाएगा जिसके चलते जलभराव हो रहा है। इसके साथ ही समस्या का दो माह के भीतर निस्तारण कराया जाएगा। एसके दुबे, नगर आयुक्त