शनिवार को हुई बारिश से बदला मौसम, सामान्य से 10 डिग्री नीचे गिरा अधिकतम तापमान

मौसम वैज्ञानिक का कहना, सुबह और शाम कोहरे और शीतलहर करेगी परेशान

Meerut। जैसे-जैसे दिसंबर माह आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे सर्दी अपना रंग दिखा रही है। शनिवार सुबह हुई बारिश के चलते मौसम ने करवट बदल ली है। जिसका अंदाजा शनिवार रात को पड़े घने कोहरे से हो गया। कोहरा इतना घना था कि सड़कों पर वाहनों की लाइट के बावजूद 10 मीटर आगे का भी नहीं दिखाई दे रहा था। यही हाल रविवार सुबह का था। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ। उदय प्रताप शाही के मुताबिक कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा और साथ ही तापमान में तेजी से गिरावट होगी। वहीं 18 दिसंबर के बाद एक बार फिर से विक्षोभ बन सकता है, जो फिर से बारिश ला सकता है। इससे न्यूनतम पारा चार डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

कोहरे का प्रकोप रहेगा

मेरठ व एनसीआर में शनिवार को बादल छाए रहने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि व बारिश होने के चलते दिन व रात के तापमान में गिरावट आ गई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 16 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इस बीच कोहरा भी अपना प्रकोप दिखाएगा। मौसम वैज्ञानिक उदय प्रताप शाही ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकल जाने के बाद मैदानी क्षेत्रों में सर्द हवा का दौर आरंभ हो जाएगा। जिससे तापमान में लगातार गिरावट आएगी और 15 दिसंबर के बाद रिकॉर्ड तोड़ सर्दी पड़ सकती है।

ठिठुरन का एहसास

दिसंबर माह आधा गुजरने को है और सर्दी अपना सितम ढाने लगी है। पिछले तीन दिनों से अचानक ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार शाम को सर्द हवा चलने का सिलसिला शुरू हुआ जो रविवार को पूरे दिन जारी रहा। शनिवार को बारिश के बाद तो सर्दी और बढ़ गई। बारिश के बाद लगा कि अब धूप खिलेगी, लेकिन रविवार को सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और सर्द हवा चलती रही। जिससे मौसम सुबह से ही सर्द रहा। धूप न निकलने से लोग ठिठुरते दिखे। लोग दुपहिया वाहनों पर खुद को कपड़ों से ढककर गुजरते दिखाई दिए। दिन में सूर्यदेव काले बादलों के बीच छिपने को मजबूर नजर आए। पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में दिखाई दिया।

गिर गया पारा

रविवार को पूरे दिन आसमान में बादल एवं कोहरा छाया रहा। साथ ही शीतलहर चलती रही। दिनभर लोगों को कड़ाके की सर्दी का अहसास हुआ। पूरे दिन बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली। जिसके चलते ठिठुरन अधिक महसूस हुई और लोग घरों में कैद रहे। शनिवार को हुई बारिश व शीतलहर चलने से रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग द्वारा रविवार को अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस कम रहा। और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब सात डिग्री हाई रहा। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

लगातार गिरेगा तापमान

तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान

14 दिसंबर 20 10

15 दिसंबर 20 9.0

16 दिसंबर 20 8.0

17 दिसंबर 19 8.0

18 दिसंबर 19 8.0

19 दिसंबर 19 8.0

(तापमान डिग्री सेल्यियस में)

Posted By: Inextlive