अब रविवार को भी खुलेंगे बाजार, व्यापारियों ने जाहिर की खुशी

Meerut। लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच आíथक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने अब शनिवार के बाद रविवार को भी शहर के बाजार खोलने की अनुमति दे दी है। यानि की अब शनिवार और रविवार को कंप्लीट लॉकडाउन की व्यवस्था को खत्म कर दिया गया है। इस व्यवस्था के खत्म होने के बाद अब व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। वहीं व्यापारियों में अब उद्योग धंधों के साथ-साथ व्यापार की गति भी पटरी पर आने की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि बाजार में कोरोना का पूरा असर है, जिसके चलते अभी भी ग्राहकों की भीड़ केवल जरुरी सामान की खरीद तक सीमित है। मगर अब पूरे सप्ताह बाजार खुलने के बाद बाजार का माहौल बदलेगा, जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग को फॉलो करना या करा पाना लोगों समेत पुलिस-प्रशासन के लिए भी एक चुनौती साबित होगा।

रविवार को होता है अधिक कारोबार

व्यापारियों की मानें तो रविवार को अवकाश होने के कारण पूरे सप्ताह में सबसे अधिक व्यापार होता है। दिनभर बाजार मे चहल-पहल रहती है। यहां तक की दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग भी रविवार को ही शहर में शॉपिंग करने आते हैं। ऐसे में रविवार को बाजार खुलना जरुरी होता है। मगर पांच माह से शनिवार और रविवार को बाजार बंद होने के कारण व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा था। गत सप्ताह शनिवार को बाजार खुलने के बाद व्यापारी रविवार को भी बाजार खुलने की अनुमति मिलने की उम्मीद जता रहे थे। ऐसे में मंगलवार को मुख्यमंत्री द्वारा बाजार खोलने की घोषणा होते ही व्यापारियों के चेहरे खिल गए।

सरकार के इस निर्णय से व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी। लंबे समय से हम लॉकडाउन की व्यवस्था को खत्म करने की मांग कर रहे थे। व्यापार अपनी पुरानी गति पर जल्द लौटेगा।

नवीन गुप्ता, अध्यक्ष, संयुक्त व्यापार संघ

इस निर्णय से व्यापारियों को निजी तौर पर राहत मिलेगी और सरकार को भी आíथक तौर पर लाभ मिलेगा। अब बाजार सातों दिन खुलेगा। रविवार का बाजार खुलना और इससे व्यापार दोगुनी गति से पटरी पर आएगा।

अजय गुप्ता, अध्यक्ष, संयुक्त व्यापार संघ

सरकार का ये अच्छा निर्णय है। व्यापारी अब लगातार दुकान खोल सकेगा। जो नुकसान व्यापार को हो चुका है, वह रिकवर तो नहीं होगा लेकिन अब आगे व्यापारी का धंधा पटरी पर तेजी गति से लौटेगा।

धीरज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष, उप्र व्यापार मंडल

आबूलेन बाजार के लिए तो शनिवार और रविवार ही प्रमुख दिन होते हैं। इन दोनों दिन लॉकडाउन से व्यापार बुरी तरह प्रभावित था लेकिन अब आबूलेन की खोई हुई रौनक फिर से वापस आ जाएगी।

राजबीर सिंह, ज्वाइंट सेके्रटरी, आबूलेन व्यापार संघ

सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ सरकार के इस निर्णय का स्वागत करता है। बाजार सातों दिन खुलने से ग्राहकों के लिए भी आसानी होगी। अब व्यापारी भी नियमित रुप से अपना व्यापार कर सकेगा।

किशोर वाधवा, अध्यक्ष सेंट्रल मार्केट व्यापार एसो।

रविवार को बाजार खुलने से व्यापारियों के साथ ही ग्राहकों को भी काफी राहत मिलेगी। रविवार को अवकाश होने के कारण ग्राहक अधिक संख्या में बाजार में शॉपिंग करते हैं।

मदन लाल, महामंत्री, गढ़ रोड व्यापार संघ

Posted By: Inextlive