सरकार का हर घर तिरंगा अभियान पूरे प्रदेश में जोर-शोर से चल रहा है। नगर निगम ने जिला स्तर और महानगर स्तर पर अधिकारियों ने तिरंगा टोलियां बना दी हैं ताकि सरकार का अभियान पूरा हो सके।

मेरठ (ब्यूरो)। हर घर तिरंगा अभियान के लिए नगर निगम द्वारा बनाई गई ये टोलियां घर-घर जाकर लोगों को तिरंगा दे रही हैं और उनको तिरंगा लगाने के नियम के साथ-साथ बाद में क्या करना है यह भी बड़ी बारीकी से समझा रही हैं। वहीं शनिवार को नगर विकास विभाग के विशेष सचिव डीपी सिंह ने तिरंगा अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

हर घर तिरंगा मिशन
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में उप्र शासन में नगर विकास विभाग के विशेष सचिव व स्मार्ट सिटी मिशन के डायरेक्टर डीपी सिंह ने हर घर तिरंगा अभियान के महत्व पर अपने विचार रखते हुए देशभक्ति के भाव को आत्मसात करने व अभियान को सफल बनाने पर बल दिया। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विविध प्रयासों की भी चर्चा की। इस अवसर पर देश भक्ति गीत प्रतियोगिता के विजेता रहे बच्चों को प्रशस्ति पत्र, मेडल तथा प्रोत्साहन राशि देकर पुरस्कृत किया गया। क्लब-60 के संस्थापक महेश रस्तोगी ने सभी अतिथियों को टैगोर पार्क का भ्रमण कराया और कचरा एवं जल प्रबंधन कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल संदीप मित्तल ने और संचालन हरि विश्नोई ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख नागरिकों सहित नगर निगम के सहा आयुक्त इंद्र विजय तथा बीपी सिंह, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार, स्वच्छ सर्वे टीम लीडर मयंक मोहन, अमित मांगलिक, आशु रस्तोगी, मनोज त्यागी, राजेंद्र अरोड़ा व हरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

सफाई में जुटे कर्मचारी
इस क्रम में नगर निगम ने मेरठ के 3 लाख घरों में से लगभग 2 लाख घरों तक राष्ट्र ध्वज तिरंगा पहुंचाने का दावा किया है। नगर निगम ने तमाम अधिकारियों के साथ निगम पार्षद, सुपरवाइजर और इलाकों के सफाई कर्मचारियों को इस मुहिम से जोड़ दिया है, ताकि यह सभी मिलकर हर घर तक तिरंगा पहुंचा सके। स्वच्छता मित्र यानी सफाई कर्मचारी सबसे पहले सुबह अपने क्षेत्र की सफाई करके जनता की सेवा करते हैं फिर उसके बाद राष्ठ्र सेवा के कार्य में जुट जाते हैं। तिरंगा छपी टी-शर्ट पहनकर हाथों में तिरंगा झंडा लेकर जब नगर निगम कर्मचारी इलाके में निकले तो हर किसी में देश के प्रति उत्साह देखने को मिला। लोगों ने सरकार की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। लोगों का कहना कि कभी सोचा भी नहीं था कि हमें ऐसा माहौल देखने को मिलेगा।

Posted By: Inextlive