- नील की गली में स्थित दुकान से हो गया था लापता

- मैनपुरी में दुकान खोलकर कर रहा धंधा

Meerut : नील की गली से लापता सर्राफ कारीगर बहुत ही चालाक निकला। वह कई लोगों से ठगी कर भाग गया था और मैनपुरी में अपनी नई दुकान खोल ली थी। पुलिस ने उसका पीछा करते हुए मैनपुरी से गिरफ्तार कर लिया है। देर रात सर्राफा को मेरठ लाया गया। एसएसपी ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया है। बताया जा रहा है कि कारीगर कई लोगों के रुपए और जेवर लेकर भागा था। लाखों का कर्ज लेकर गायब हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर अपहरण की आशंका जताई थी।

14 फरवरी से था लापता

मेरठ के कानून गोयान पत्थर वाला निवासी वीरेंद्र सिंह चौधरी की नील की गली में मुस्कान ज्वैलर्स की दुकान है। वह ठेके पर सोने की चेन बनाना व मरम्मत करने का काम करता था। गत 14 फरवरी को दोपहर डेढ़ बजे दुकान से यह कहकर निकला था कि वह शादी में जा रहा है। तभी से वह लापता चल रहा था। परिजनों ने सोमवार को देहली गेट थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और अपहरण किए जाने की आशंका जताई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद इसकी खोजबीन में पुलिस जुट गई थी।

कैमरे में कैद हुई थी करतूत

छानबीन में पता चला कि कारीगर पर लोगों के लाखों रुपए का कर्ज है। कई लोगों के सोने और रुपए लेकर लापता हो गया था। यही नहीं गली में लगे सीसीटीवी में यह साफ हो गया था कि वह खुद ही दुकान से भाग रहा है। उसने दुकान से निकलते ही अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था। पुलिस ने कुछ नंबर सर्विलांस पर लगाए थे, जिससे पता चला कि वह लगातार अपने जानने वालों और परिजनों के संपर्क में था। छानबीन में यह भी पता चला कि वह मकान और दुकान सब बेच चुका था।

फोन नंबर से पता चला लोकेशन

फोन नंबर के आधार पर सीओ कोतवाली विनीत भटनागर के नेतृत्व में पुलिस की टीम खोजते-खोजते मैनपुरी पहुंच गई। वहां पर उसने नई दुकान खोल कर धंधा जमा लिया था। पुलिस ने बताया कि वह जल्द ही सेट होने के बाद पूरे परिवार को भी बुला लाता। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है। सोमवार देर रात पुलिस उसे लेकर मेरठ पहुंची। मेरठ से पहले वह आगरा में रहता था। पुलिस को यह भी आशंका है कि आगरा में भी उसने इसी तरह की ठगी की होगी। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। उधर दूसरी तरफ एसएसपी ने थाना पुलिस को उसे जेल भेजने का आदेश दिया है।

सर्राफ कारीगर कई लोगों का लाखों रुपया मारकर भाग गया था। पूरा परिवार इसमें मिला हुआ है। मैनपुरी से वह पकड़ा गया है। थाना पुलिस को उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने को कहा है।

- डीसी दूबे, एसएसपी

Posted By: Inextlive