निगम के डेयरी हटाओ अभियान का हुआ विरोध, कुछ जगहों से पशुओं को भी किया जब्त

Meerut। अवैध डेयरियों के खिलाफ निगम का अभियान तेज हो रहा है। इसके तहत शनिवार को शहर के पोदीवाड़ा, सोहराबगेट, प्रह्लादनगर आदि इलाकों में डेयरी से पशु बाहर करने का अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने हंगामा कर प्रवर्तन दल का विरोध किया लेकिन सख्ती के चलते पशुओं को जब्त भी किया गया और डेयरी भी बाहर की गई।

खाली हुई डेयरियां

निगम द्वारा गत माह से लगातार शहर के डेयरी संचालकों को डेयरी खाली करने की चेतावनी दी जा रही थी। चेतावनी की मियाद खत्म होने के बाद शनिवार को अभियान की शुरुआत कर दी गई। शनिवार को निगम के प्रवर्तन दल ने बिना पुलिस फोर्स के अभियान शुरू कर दिया। निगम के दस्ते का नेतृत्व रिटायर्ड कर्नल राजकुमार बालियान ने किया। टीम ने पोदीवाड़ा, सोहराबगेट और प्रह्लाद नगर में अवैध डेरियों को हटाने के लिए अभियान चलाया। मगर अभियान शुरू होते ही डेयरी संचालकों का विरोध शुरू हो गया। विरोध के चलते प्रवर्तन दल और डेयरी संचालकों के बीच जमकर नोंक-झोक हुई। इसके बाद मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान निगम की टीम ने दो भैंसों को जब्त कर लिया। जिसके बाद कुछ डेयरी संचालक अपने आप ही डेयरियों को शिफ्ट करने में लग गए।

डेयरी खाली करने के बाद मिलेंगे पशु

अभियान के दौरान एक जगह चार डेयरियां मिली, जोकि चारों भाइयों की थी। उनको चेतावनी देते हुए एक भैंस को जब्त कर लिया गया। वहीं दूसरी भैंस पोदीवाड़ा से जब्त की गई। रिटायर्ड कर्नल राजकुमार बालियान ने बताया कि डेयरियों के खाली होने के बाद भैंसों को छोड़ दिया जाएगा।

Posted By: Inextlive