निगम ने 45 डेयरियों की सूची प्रशासन को सौंपी

3 करोड़ 55 लाख 40 हजार रुपये जुर्माना लगाया था डेयरियों पर

Meerut। बरसात के सीजन में शहर में जलभराव का प्रमुख कारण शहर के नालों और नालियों में गोबर के कारण जाम होना है। ऐसे में नगर निगम शहर में संचालित हो रही अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई का मन बना चुका है। शहर में संचालित अवैध डेयरियों में से 45 डेयरियों पर रक्षाबंधन के बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने 45 डेयरी संचालकों की सूची बनाकर डीएम और एसएसपी को भेजकर फोर्स की मांग की है।

परतापुर में रखे जाएंगे डेयरियों के पशु

दरअसल शहर के वार्ड-48 माधवपुरम और वार्ड संख्या-68 मकबरा डिग्गी घोसियान में संचालित 45 डेयरी संचालकों पर नगर निगम ने गत माह तीन करोड़ 55 लाख 40 हजार रुपये जुर्माना लगाया था। निगम के अनुसार यह सभी डेयरियां अवैध हैं और हाईकोर्ट पिछले साल इनको शहर से बाहर करने के आदेश दे दिया था। इसके बाद भी इन डेयरियों का संचालन किया जा रहा है। इस पर नगर आयुक्त ने इन डेयरियों पर रक्षाबंधन के बाद कार्यवाही योजना बनाई है। इसके लिए पुलिस की मदद से डेयरियों को शहर से बाहर किया जाएगा। डेयरियों के पशुओं को जब्त कर परतापुर बराल स्थित गोशाला में रखा जाएगा और जुर्माना अदा नहीं करने तक पशु नहीं लौटाए जाएंगे। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर ग्रामीण क्षेत्र के 100 इच्छुक पशुपालकों की सूची उपलब्ध कराने की मांग की है। इन पशु पालकों को डेयरियों से जब्त पशुओं को पालन के लिए अनुबंध किया जाएगा। 5 अगस्त के बाद अभियान चलाकर यह प्रक्रिया शुरु की जाएगी।

डेयरियों के संबंध में कई बार नोटिस भेजकर संचालन बंद करने को कहा गया था नही माने तो जुर्माना भी किया जा चुका है। इसके बाद भी डेयरियों का संचालन बंद नही हो रहा है। इसलिए अब फोर्स के माध्यम से डेयरियों को हटाया जाएगा।

ब्रजपाल सिंह, सहायक नगरायुक्त

Posted By: Inextlive