मिशन शक्ति के तहत जिलेभर के थानों में बनेंगी महिला हेल्प डेस्क

सदर बाजार, लालकुर्ती, सिविल लाइन, ब्रह्मपुरी, मेडिकल समेत कई थानों में बनी महिला हेल्प डेस्क

दिन-रात काम करेगी महिला हेल्प डेस्क

4 कांस्टेबल और एक महिला दारोगा की हुई तैनाती

17 से 25 अक्टूबर तक मिशन शक्ति अभियान के में आयोजित होंगे कई अभियान

Meerut। जिलेभर के थानों में शासन के आदेश पर मिशन शक्ति के तहत महिला हेल्प डेस्क का गठन किया जा रहा है। जहां महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता पर सुनते हुए तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, रात को यदि महिला थाने में शिकायत करने के लिए जाती है तो महिला की समस्याओं का निदान करते हुए रात को सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी भी महिला पुलिस की होगी। सदर बाजार, लालकुर्ती, ब्रह्मपुरी, मेडिकल समेत अधिकतर थानों में महिला हेल्प डेस्क का गठन कर दिया गया है।

थानों में बनीं हेल्प डेस्क

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति के तहत प्रदेश के हर जिले के हर थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना के आदेश दिए थे। एसएसपी अजय साहनी ने आदेश आने के बाद गुरुवार रात को सभी थानों में डेस्क बनाने के आदेश जारी कर दिए थे। एसएसपी के आदेश के बाद सबसे पहले सदर बाजार थाने में महिला हेल्प डेस्क का गठन किया गया है। इसके बाद लालकुर्ती, सिविल लाइन, ब्रह्मपुरी, मेडिकल समेत कई थानों में महिला हेल्प डेस्क का गठन कर दिया गया।

दिन-रात काम करेगी डेस्क

महिला हेल्प डेस्क पर 24 घंटे काम करेगी। इसके लिए डेस्क पर एक महिला दारोगा समेत चार कांस्टेबल को तैनात किया गया है। एसएसपी अजय साहनी ने जल्द ही थानों में महिला डेस्क का निरीक्षण करने के लिए भी कहा है। वहीं उच्च अधिकारी भी समय-समय पर भ्रमण कर हेल्प डेस्क का जायजा लेते रहेंगे।

शहर के सभी थानों में मिशन शक्ति के तहत महिला हेल्प डेस्क का गठन करने के लिए सभी थानेदारों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। कई थानों में डेस्क बन गई है जबकि कुछ थानों में दो दिन के अंदर डेस्क का गठन कर दिया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता पर रखी गई है।

अजय साहनी, एसएसपी, मेरठ

आज से शुरू होगा महिला सुरक्षा का मिशन शक्ति

प्रदेश में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए जिलेभर में शारदीय नवरात्र यानी आज से 180 दिन का विशेष अभियान मिशन शक्ति चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक मिशन शक्ति अभियान के प्रथम चरण में महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए 24 विभागों द्वारा जनपद मुख्यालय, ब्लॉकों, पंचायतों, शहरी निकायों आदि पर थानों में महिला हेल्प डेस्क, ग्रामों में मिशन शक्ति पंचायत, मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग आदि कार्यक्रम किए जाएंगे। यह जानकारी डीएम के। बालाजी ने विकास भवन सभागार में मिशन शक्ति कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अविनाश पांडेय, अपर नगरायुक्त श्रद्धा शांडिलयान, जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, उपायुक्त श्रम दीप्तिमान भट्ट सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। सीडीओ ईशा दुहन ने बताया कि आज सीएम मिशन शक्ति का शुभारंभ करेंगे तथा जनपद स्तर पर सीसीएसयू के सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में सुबह 11 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

ये भी जरूरी

मिशन शक्ति के लिए आयुक्त मेरठ मंडल को बनाया गया नोडल।

जनपद में 100 महिलाओं को रोल मॉडल के रूप में चयनित किया जाएगा।

विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत 10-10 महिलाओं को रोल मॉडल के रूप में चिन्हित कर उसकी सूची शनिवार शाम तक उपलब्ध कराएं।

प्रत्येक थाना क्षेत्र के अंतर्गत 01-01 ऐसे गांव, जिसमें महिला प्रधान है, में मिशन शक्ति पंचायत आयोजित की जाएगी। इस पंचायत में विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही महिला सशक्तिकरण व मिशन शक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी।

नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत स्तर पर भी ऐसे वार्ड जिसमें महिला पार्षद हैं, कार्यक्रम किए जाएंगे।

Posted By: Inextlive