-युवाओं ने खुलकर की अपने दिल की बात

-सीसीएसयू में भी शुरू हुआ चर्चाओं का दौर

Meerut। सियासत की बिसात पर यूपी तैयार है। उम्मीदें आसमानी हैं, लिहाजा सियासी चर्चाएं जमीनी हो गई हैं। हर पार्टी की खूबियों और खामियों के बीच आवाम की ख्वाहिशें कहीं खामोश ना हो जाएं। लिहाजा चर्चाएं जरूरी हैं। मेरठ दक्षिण विधान सभा सीट की सीसीएस यूनिविर्सटी में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। छात्र राजनीति से निकलकर युवा सूबे की नई तस्वीर बदलने की चाहत में हैं। आलम यह है कि हर पार्टी के केंद्र में युवा हैं। एक ओर सीएम अखिलेश यादव खुद को युवाओं के आइकन बता रहे हैं। तो वहीं, पीएम मोदी युवाओं को नई दुनिया के सपने दिखा रहे हैं। कांग्रेस राहुल गांधी के सहारे युवाओं को जोड़ने की कवायद में जुटी है। बीएसपी कानून व्यवस्था के बहाने जनता के दरबार में है। लिहाजा अब युवाओं के मन की बात को टटोलने के लिए सीसीएस यूनिवर्सिटी में आई नेक्स्ट ने चाय पर चर्चा की। इस चर्चा के बहाने युवाओं ने अपने मन की बात कही।

दक्षिण विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी ने युवा को टिकट नहीं दिया है। इस बार युवा को टिकट मिलना चाहिए। यह देश युवाओं है।

-आकाश भड़ाना

विधानसभा चुनाव में नोटबंदी कोई मुद्दा नहीं है। क्योंकि यहां पर जाति और धर्म के नाम पर चुनाव लड़ा जाता है। लोग इसी आधार पर वोट करते हैं।

-संदीप मोरल

दक्षिण विधानसभा में कोई विकास कार्य नहीं किया गया। अगर किया होगा तो किसी गली मोहल्ले में होगा। कोई ऐसा काम नहीं हुआ, जिसे याद किया जाए।

-अक्षय मोरल

युवाओं के लिए कोई काम नहीं करता है। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार ने जो वादे किए, वह पूरे नहीं किए। बेरोजगारी दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही है, नौकरी नहीं है।

-विजय ढाका

सरकार में जो विधायक होता है। वह विकास ज्यादा करा सकता है। विपक्षी विधायक इतने काम नहीं करा पाता। वह विकास कार्य कराने के लिए जूझता रहता है।

-देवेंद्र विदूड़ी

कुछ चैनल जो सर्वे दिखा रहे हैं। वह कोई मायने नहीं रखता है। क्योंकि सर्वे अधिकतर गलत ही साबित होते हैं। सरकार किसी की बनती नहीं दिख रही है।

-अंकुश नागर

यूपी में पिछले दिनों काफी विकास कार्य सामने आए हैं। डायल 100 से पब्लिक को सुरक्षा महसूस हुई है। अपराध कम करने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं।

-अमन प्रधान

नोटबंदी से व्यापार को बहुत नुकसान हुआ है। पार्टियों के पास सीएम पद का उपयुक्त दावेदार भी नहीं है। सभी दलों को विकास कार्यो और सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस करना चाहिए।

-सोनू पंवार

लोकसभा चुनाव की तरह किसी पार्टी विशेष की लहर नहीं चलने वाली है। क्योंकि बहुत से ऐसे लोग हैं जिन्होंने लोकसभा चुनाव में किसी पार्टी को वोट दिया था, अब किसी अन्य पार्टी को वोट देंगे।

-मोनू तोमर

केंद्र की विदेश नीति फेल हो गई। पाकिस्तान आए दिन देश में आतंकी हमला कर रहा है, लेकिन अभी तक मुंहतोड़ जवाब नहीं दिया गया। जनता सब समझती है।

-अब्दुल वहाब

जाति-धर्म के नाम पर ही यूपी में चुनाव होता है। किसने विकास किया या फिर किसने कितना काम कराया, कोई मायने नहीं रखता है। हर कोई पार्टी के नाम पर वोट करता है।

-प्रेम राणा

यूपी में अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। डकैती-लूटपाट जैसी घटनाएं बेहद आम हो गई हैं। पुलिस मौके पर तब पहुंचती है, जब अपराधी फरार हो जाते हैं। अपराध पर लगाम कसना बेहद जरूरी है।

-आशीष त्यागी

यूपी में पिछले दिनों काफी विकास हुआ है। लोगों को विकास कार्य देखते हुए विधायक का चुनाव करना चाहिए। अपराध पर लगाम कसना भी बेहद जरूरी है।

-आदेश प्रधान

अपराधियों के चुनाव लड़ने पर रोक लगनी चाहिए। चुनाव लड़ने के लिए शिक्षा का भी एक पैमाना होना चाहिए। इससे प्रदेश के विकास पर असर पड़ेगा।

-सुनील वर्मा

केंद्र और प्रदेश में यदि एक ही दल की सरकार होती है तो विकास को नई दिशा मिलती है। नोटबंदी से भ्रष्टाचार पर लगाम कसी है। उम्मीद है कि इसके परिणाम सामने आएंगे।

-रजनीश पंवार

प्रदेश में किसी की भी सरकार बने। हमें तो काम करना ही पड़ेगा। सुबह पांच बजे कैंटीन पर आ जाते हैं और रात को करीब दस बजे घर पहुंच पाते हैं। प्रदेश में अपराधियों पर तो लगाम लगनी चाहिए। विकास के नाम पर मेरठ में कुछ नहीं हुआ।

-अजय, कैंटीन मालिक

Posted By: Inextlive