दंपति के बीच था विवाद, मां के साथ नानी के घर रह रही दोनों बच्चियों को पिता ले आया था

पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपी पिता फरार, उत्तराखंड़ में पुलिस की दबिश

Meerut। कंकरखेड़ा में डबल मर्डर की सूचना पर पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के होश उड़ गए। कलयुगी पिता ने शुक्रवार देर रात अपनी ही दो मासूम बेटियों का गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। दंपति के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। पीडि़त पत्नी की तहरीर पर हत्यारोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शनिवार शाम तक हत्यारोपी की लोकेशन उत्तराखंड़ की मिली, जहां के लिए इंस्पेक्टर ने पुलिस टीम रवाना कर दी।

ये है मामला

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में अनूपनगर फाजलपुर स्थित आंबेडकर धर्मशाला के पास का निवासी अरुण कुमार पुत्र ताराह सिंह जाटव राज मिस्त्री का काम करता है। पुलिस के मुताबिक, अरुण का अपनी पत्नी निशु से विवाद चल रहा था। जिसके चलते कई दिन पूर्व निशु अपनी बेटी छह वर्षीय सृष्टि और 4 वर्षीय नैना को लेकर अपने मायके कस्बा जानी चली गई थी। शुक्रवार दिन में अरुण अपनी ससुराल जानी पहुंचा, जहां दंपति के बीच फिर विवाद हो गया। एक शपथ पत्र पर अरुण ने तलाक लिखने और निशु से सभी संबंध खत्म करने की बात लिखकर पत्नी को सौंप दिया। पत्नी निशु ने दोनों बेटियों को भी अरुण के हवाले कर दिया। अरुण दोनों मासूमों को अपने घर फाजलपुर ले आया। शुक्रवार आधी रात के बाद अरुण घर से बाहर आया और पड़ोसी व्यक्ति को बताया कि उसने अपनी दोनों बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी है। जब तक व्यक्ति शोर मचाता और उसे पकड़ता, तब तक अरुण भाग गया। सूचना पर सीओ दौराला, इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां दोनों बच्चियों के शव पड़े थे। पुलिस ने जानी में निशु को सूचना दी। उसके बाद शव मर्चरी पहुंचा दिया। निशु की तहरीर पर हत्यारोपी अरुण के खिलाफ केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने बताया कि हत्या का केस दर्ज किया है। हत्यारोपी की लोकेशन उत्तराखंड़ की मिली है, जहां पुलिस टीम रवाना की है।

Posted By: Inextlive