-देवलोक स्पो‌र्ट्स कॉम्प्लेक्स में है फैक्ट्री

- एक मजदूर गंभीर रूप से झुलसा, आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती

मेरठ: टीपीनगर थाना क्षेत्र के स्पो‌र्ट्स कॉम्पलेक्स में रविवार की सुबह एक फाइबर फैक्ट्री में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाकर फैक्ट्री में फंसे एक मजदूर को बाहर निकाला। बुरी तरह से झुलसे मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

देवलोक में है फैक्ट्री

हुमायूं नगर निवासी मुज्जमिल पुत्र मुकीम की देवलोक स्पो‌र्ट्स कॉम्पलेक्स में पारवा टेक्निकल के नाम से फैक्ट्री है। फैक्ट्री में फाइबर के तार और पाइप बनते हैं। रविवार की सुबह फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। फैक्ट्री में मौजूद मजदूर अंसार पुत्र महबूब ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद आग की लपटों के बीच घिर गया। उधर, फैक्ट्री से लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने फायर बिग्रेड और फैक्ट्री मालिक को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग बुझाते हुए फैक्ट्री में फंसे अंसार को बाहर निकाला। लेकिन तब तक वह काफी झुलस चुका था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फैक्ट्री मालिक के अनुसार, आग में करीब साठ हजार का नुकसान बताया गया है। वहीं गनीमत रही कि आग फैक्ट्री में रखे केमिकल के ड्रमों तक नहीं पहुंची, नही तो आग बड़ा रूप ले सकती थी।

Posted By: Inextlive