बारिश के बाद लोहियानगर में शुरू होगा काम

Meerut डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट की योजना अब अनलॉक थ्री में परवान चढ़ सकती है। इसके लिए शासन स्तर से अनुमति मिलने के बाद निगम ने प्लांट की तैयारी शुरु कर दी है। हालांकि प्लांट का इस साल शुरुआत में शिलान्यास कर दिया गया था, लेकिन पहले लॉक डाउन और अब बरसात के कारण इसका काम रुका हुआ है। ऐसे में सितंबर माह में प्लांट का काम शुरु होने की संभावना है।

बढेगी क्षमता खत्म होंगे खत्ते

महानगर से रोजाना 800 से 1000 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। लेकिन एनजीटी के आदेशानुसार कूड़े का निस्तारण रोजाना नहीं हो पा रहा है। इस कूडे़ के निस्तारण के लिए गावड़ी और लोहियानगर के अलावा मंगतपुरम में कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने की योजना बनाई गई थी। इसके तहत निगम ने दिसंबर 2019 में गावड़ी में 150 मीट्रिक टन क्षमता का कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाया, जिसका संचालन किया जा रहा है। इसके बाद दूसरा प्लांट लोहियानगर में लगने की प्रक्रिया शुरु होने वाली है। इस प्लांट के शुरु होने के बाद तेजी से शहर के कूड़ा स्थल और खत्तों की संख्या खत्म होना शुरु हो जाएगी।

300 मीट्रिक टन कूड़े का होगा निस्तारण

इस प्लांट को गांवडी प्लांट से दुगनी क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा। इससे ना केवल शास्त्रीनगर, मेडिकल, जागृति विहार, हापुड रोड, सिविल लाइन, दिल्ली रोड, तक के आधे से अधिक शहर के कूडे़ का निस्तारण हो सकेगा। प्लांट की निस्तारण क्षमता 300 मीट्रिक टन प्रतिदिन होगी। प्लांट को गांवड़ी के 150 मीट्रिक टन के प्लांट की क्षमता दोगुनी कर 300 मीट्रिक टन करने की मंजूरी भी मिली है। इसके साथ ही 450 मीट्रिक टन कूड़े का रोजना निस्तारण होगा। नगर निगम प्रशासन ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी मांग ली है।

मंगतपुरम प्लांट में अभी इंतजार

नगर निगम ने गांवडी के साथ लोहिया नगर और मंगतपुरम में भी कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने की योजना बनाई थी। जिस पर शासन से लोहिया नगर में कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने और गांवड़ी प्लांट के विस्तार की मंजूरी मिल गई है लेकिन मंगतपुरम पर अभी विचार नही हुआ है। ऐसे में लोहियानगर के बाद ही मंगतपुरम पर कवायद शुरु हो सकती है।

प्लांट लगाने की लगभग सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी है। केवल बरसात रूकने का इंतजार है इसके लिए लोहियानगर में प्लांट का काम तेजी से शुरु किया जाएगा।

ब्रजपाल सिंह, सहायक नगरायुक्त

Posted By: Inextlive