- मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया

- पुलिस लाइन में रहता था गनर, बेडरूम में मिला शव

Meerut : पुलिस लाइन में सपा पार्टी के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रफीक अंसारी के गनर की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार को मौत हो गई। महिला का शव क्वार्टर के बेडरूम में पंखे से हुक से लटका हुआ मिला। उस समय घर में कोई नहीं था। महिला के पति ने ही सबसे पहले उसकी बॉडी को फंदे पर लटके हुए देखा। महिला के मायके वालों ने गनर पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है।

घर में नहीं था गनर

संभल निवासी कांस्टेबल बली हसन पुत्र मेहंदी हसन 2011 से मेरठ में तैनात हैं। वे इस समय दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रफीक अंसारी की सुरक्षा में तैनात हैं। उनकी शादी 2007 में संभल की माहताबजहां से हुई थी। दंपती के तीन बेटे सबी उर हसन (7) नबी हसन (5) और फैजान हसन (3) हैं। बली हसन परिवार समेत पुलिस लाइन स्थित ओ ब्लॉक क्वार्टर में रहता है। सोमवार को बली हसन अपने दो बेटों को स्कूल छोड़ने गया था। वापस क्वार्टर पर पहुंचा तो आगे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो बली हसन पिछले दरवाजे से कमरे में पहुंचा। बेडरूम का नजारा देखकर वह दंग रह गया। उसकी पत्‍‌नी का शव पंखे के हुक से लटका हुआ था।

पड़ोसी भी आ गए

अपनी पत्‍‌नी का शव देखकर कांस्टेबल जोर-जोर से चिल्लाने लगा। शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। महिला को फंदे से निकालकर सुशीला जसवंत राय हॉस्पिटल में पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस लाइन के आरआई सत्यप्रकाश शर्मा ने सिपाही से नंबर लेकर उसकी ससुराल में घटना की जानकारी दी। सिविल लाइन पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

मारने का आरोप

सिविल लाइन थाने पहुंचे माहताब जहां के मायके वालों ने बली हसन पर उनकी बेटी को मारने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई शमसुद्दीन ने सीओ सिविल लाइन व इंस्पेक्टर सिविल लाइन को बताया कि कॉन्स्टेबल आए दिन उसकी बहन को यातना देता था। सोमवार को भी उसका पत्‍‌नी से झगड़ा हुआ था।

वर्जन

मृतक महिला के मायकों ने उसके पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।

इकबाल अहमद कलीम, इंस्पेक्टर सिविल लाइन

Posted By: Inextlive