अधिकृत विक्रेता की सूची लेकर ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी कर रही एनसीईआरटी

फरार चाचा और भतीजे को पकड़ने में पुलिस नाकाम, हर रोज बदल रहे लोकेशन

Meerut। भाजपा नेता संजीव गुप्ता और भतीजे सचिन गुप्ता समेत चार नामजद आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है। पुलिस अब दोनों आरोपितों के घरों की कुर्की की तैयारी में जुट गई है। क्योंकि आरोपित हर रोज अपनी लोकेशन बदल रहे हैं। उधर, एनसीईआरटी ने पुलिस से अवैध किताबों की बिक्री करने वाले दुकानदारों की सूची मांगी है। देखा जा रहा है कि अधिकृत विक्रेता भी तो अवैध किताबों की बिक्री नहीं कर रहे।

स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और परतापुर पुलिस ने अवैध किताबों का भंडाफोड़ कर भाजपा नेता संजीव गुप्ता और उसके भतीजे सचिन गुप्ता की प्रिं¨टग प्रेस व गोदाम से 364 प्रकार की करोड़ों रुपये कीमत की किताबें पकड़ी थीं। संजीव गुप्ता और सचिन गुप्ता समेत आठ लोगों को नामजद कर चार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फरार चल रहे संजीव गुप्ता, सचिन गुप्ता, विकास त्यागी और नफीस खान के खिलाफ परतापुर पुलिस ने गैरजमानती वारंट जारी करा लिए हैं। उसके बाद भी पुलिस आरोपितों को नहीं पकड़ पा रही है। यह हाल तब है, जब एसटीएफ की टीम भी उनकी धरपकड़ को लगी हुई है। पुलिस अब उनके घर की कुर्की की कार्रवाई में जुटी हुई है। संभवत: पुलिस कुर्की के लिए भी अदालत में जल्द अर्जी लगाएगी। साथ ही एनसीईआरटी भी अवैध किताबों की बिक्री करने वाले अधिकृत विक्रेता को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी कर रही है। इसलिए एनसीईआरटी ने पुलिस को ई-मेल कर मेरठ में अवैध किताबों की बिक्री करने वाले अधिकृत विक्रेताओं की सूची मांगी है। एनसीईआरटी ने खुद भी एक सूची तैयार की है, जिसका मिलान पुलिस की सूची से करने के बाद ही विक्रेताओं को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

मांगा जाएगा जवाब

संजीव और सचिन गुप्ता के गोदाम में मेरठ के पांच प्रकाशकों की किताबें भी मिली हैं। पुलिस उनसे भी जवाब मांग रही है कि क्या ये किताब उनके द्वारा छापी गई है, या फिर संजीव और सचिन चोरी-छिपे उनके प्रकाशकों का नाम किताबों पर डाल रहे थे। यदि फर्जी तरीके से किताबों पर नाम डाला गया तो अन्य प्रकाशकों से भी तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अभी तक दो पि्रंटिंग प्रेस ने बता भी दिया कि उनके नाम से फर्जी किताबों की छपाई की गई है। उन्होंने अपनी तरफ से ¨प्रट की गई किताबों को संजीव और सचिन गुप्ता को नहीं बेचा है।

संजीव और सचिन गुप्ता समेत चार के खिलाफ वारंट जारी कराने के बाद कुर्की की तैयारी की जा रही है। उनकी धरपकड़ को एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम मिलकर काम कर रही है। जल्द ही चाचा भतीजे और उनके अन्य साथियों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। उसके बाद पूछताछ कर पूरे मामले की तह तक पहुंचा जाएगा।

अजय साहनी, एसएसपी।

Posted By: Inextlive