काफिले के साथ मुजफ्फरनगर जाते हुए जताया गया विरोध

स्याही फेंकने वाले युवक का फोटो वीडियो से पुलिस को मिला

Meerut : चौधरी चरण विवि के पास बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की गाड़ी पर स्याही फेंककर विरोध जताया गया। वीडियो के आधार पर स्याही फेंकने वाले युवक की पहचान कर ली गई है, जो परतापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला अभिषेक है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक सपा की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। बताया गया कि स्वागत समारोह के दौरान गाड़ी धीमी चल रही थी। उसी समय स्याही फेंकी गई।

ये है मामला

धर्मेद्र यादव कार में सवार होकर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय रोड से जा रहे थे। यूनिवर्सिटी के सामने आए एक युवक ने पूर्व सांसद की गाड़ी पर स्याही फेंककर विरोध जताया। स्याही फेंकने के बाद युवक फरार हो गया। पुलिस ने काफिले की वीडियो बना रहे कुछ युवकों से संपर्क किया। स्याही फेंकने वाला युवक वीडियो में आ गया है, जो परतापुर का रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। देखा जा रहा है कि किस पार्टी से जुड़ा हुआ है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण ने बताया कि स्याही फेंकने वाले आरोपित की तलाश की जा रही है। अभी तक सपा की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। पुलिस अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार करेगी।

गठबंधन की जानकारी नहीं

सपा नेता व पूर्व सांसद धर्मेद्र यादव ने कहा कि रालोद के साथ सपा का गठबंधन पहले से है, आगे भी रहेगा। कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा या नहीं, इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही बता सकते हैं। वह गुरुवार को शास्त्रीनगर के हमसफर पैलेस में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। धर्मेद्र यादव मेरठ के रास्ते मुजफ्फरनगर में रालोद की लोकतंत्र बचाओ महापंचायत में जा रहे थे। महापंचायत में सपा और कांग्रेस के नेता भी शामिल हुए। धर्मेद्र ने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज बेहद निंदनीय है। इसको लेकर जनता में भी आक्रोश है।

जगह-जगह स्वागत

सपा नेता धर्मेद्र यादव का मुजफ्फरनगर जाते समय कार्यकर्ताओं ने मेरठ में जगह-जगह स्वागत किया। अतुल प्रधान ने उनका स्वागत किया और उनकी कार में ही आगे बढ़ गए।

Posted By: Inextlive