- 17 को सरधना से हजारों समर्थकों के साथ निकालेंगे कैराना तक निर्भय यात्रा

- शोरगुल मूवी करा सकती है दंगा, यात्रा के माध्यम से निकालेंगे लोगों के दिल से भय

Meerut : बीजेपी कैराना को कश्मीर नहीं बनने देगी। इसके लिए 17 जून से निर्भय यात्रा शुरू की जाएगी। जिसमें हजारों लोग उनके साथ पदयात्रा कर कैराना पहुंचेगे। यात्रा का मकसद पलायन करने वाले हिन्दुओं को भयमुक्त करना है। साथ ही अभी तक जिन लोगों ने कैराना से पलायन किया है, उन्हें वापस लाने का प्रयास भी है। ये बात होटल ओलीविया में प्रेस वार्ता के दौरान सरधना विधायक संगीत सोम ने कही।

10 हजार करेंगे पदयात्रा

उन्होंने कहा कि उनके साथ करीब 10 हजार लोग पदयात्रा में शामिल होंगे। यात्रा उसी दिन शाम तक कैराना पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के गुंडे एक समुदाय के लोगों पर जुर्म कर रहे हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रा का मकसद लोगों के दिलों से भय निकालना है। ताकि पलायन रूक सके।

कर रहे नौकरी

उन्होंने कहा कि जिन लोगों का कैराना में करोड़ों का कारोबार है। आज वे दूसरे प्रदेशों व शहरों में जाकर दस हजार रुपए की नौकरी करने को मजबूर हैं। कैराना से सैंकड़ों की संख्या में परिवार पलायन कर पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश पहुंच चुके हैं। उन्होंने हाल फिलहाल में पलायन किए हुए परिवारों की सूची भी मिडिया को सौंपी।

यात्रा निकलेगी

परमीशन के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमने पुलिस को कार्यक्रम के बारे में लिख कर दे दिया है। अब वो परमीशन दें या न यात्रा हर हाल में निकाली जाएगी। वैसे भी हम कोई गलत काम करने नहीं जा रहे हैं।

बवाल करा सकती है 'शोरगुल'

शोरगुल मूवी में उनके कैरेक्टर को पता नहीं किस ढंग से पेश किया गया। इसके बारे में उनसे बिल्कुल नहीं पूछा गया। उन्हें ऐसा अंदेशा है कि यह मूवी वेस्ट में बवाल करा सकती है। इसकी चेतावनी आईबी भी दे चुकी है। उन्होंने इस तरह की फिल्म बनाने से पहले निर्माता को सोचने की सलाह दी।

Posted By: Inextlive