दिल्ली पुलिस की टीम ने शुभकामना हॉस्पिटल से किया गिरफ्तार

मुंबई में पुलिस कस्टडी से भागा मनीष डॉक्टर बनकर देख रहा था मरीज

70 लाख रूपये महिला डॉक्टर से शादी रचाकर ठगे

35 मुकदमे दर्ज हैं दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और हरियाणा के करीब

6 से ज्यादा अस्पतालों में अपनी सेवाएं दे रहा था आरोपी मनीष

27 नंवबर 2019 को मुंबई में दिल्ली पुलिस की कस्टडी से भागा था मनीष कौल

2 पिस्टल और अन्य फर्जी कागजात मिले हैं डॉक्टर के पास से

Meerut। मुंबई और दिल्ली पुलिस का वांटेड मनीष कौल दो साल से शहर में डॉक्टर विक्रांत बनकर छिपा था। तेजगढ़ी पर क्लीनिक खोलकर शहर के करीब छह से ज्यादा अस्पतालों में अपनी सेवाएं दे रहा था। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को मनीष कौल से विक्रांत बने युवक को शुभकामना हॉस्पिटल से गिरफ्तार कर लिया।

पत्‍‌नी से ठगे रुपये

पकड़ा गया आरोपी दिल्ली की मशहूर महिला डॉक्टर से शादी रचाकर 70 लाख की नकदी भी ठग चुका है। आरोपी दो साल पहले मुंबई में पुलिस पर फायर करते हुए कस्टडी से भाग गया था।

ये है मामला

शुक्रवार को दिल्ली द्वारिका क्राइम ब्रांच के एसीपी गिरीश कौशिक की टीम ने नौचंदी थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित शुभकामना हॉस्पिटल से डॉक्टर विक्रांत भगत को गिरफ्तार कर लिया। उस समय अस्पताल के अंदर डॉक्टर विक्रांत मरीज देख रहे थे।

विक्रांत बनकर देखता था मरीज

एसीपी की टीम ने बताया कि विक्रांत का असली नाम मनीष कौल है, जो हर शहर में पहचान छिपाने के लिए नाम बदल लेता है। डॉक्टर पर दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और हरियाणा के करीब 35 मुकदमे दर्ज हैं। दिल्ली के मोतीनगर थाने से धोखाधड़ी के मुकदमे में कोर्ट से वारंट हो चुका हैं।

पुलिस कस्टडी से भागा

दिल्ली में मनीष कौल पर उसकी महिला डाक्टर पत्नी ने मोतीनगर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था, जिस मुकदमे में मनीष कौल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उससे पहले मनीष कौल पर मुंबई में एमडी की फर्जी डिग्री हासिल करने का मुकदमा चल रहा था। इसी मुकदमे में मनीष कौल को दिल्ली की कीíत नगर पुलिस कस्टडी में पेशी कराने के लिए मुंबई ले गई थी। मनीष कौल 27 नंवबर 2019 को मुंबई में दिल्ली पुलिस की कस्टडी से भाग गया था। कीíत नगर थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। तभी से पुलिस मनीष उर्फ विक्रांत की तलाश कर रही थी। मुंबई से फरारी के बाद मनीष कौल मेरठ में आकर रहने लगा था। यहां मनीष कौल से डॉक्टर विक्रांत भगत बनकर तेजगढ़ी पर क्लीनिक खोल लिया। यहां पर लाइफ आनंद अस्पताल, शुभकामना हॉस्पिटल, जगत अस्पताल और पारस अस्पताल में मरीजों को उपचार कर रहा था। दिल्ली पुलिस की टीम मनीष कौल उर्फ डॉक्टर विक्रांत को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

दो पिस्टल व कागजात बरामद

दिल्ली पुलिस ने विक्रांत के शास्त्रीनगर सेक्टर 13 स्थित घर की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से दो पिस्टल और अन्य फर्जी कागजात मिले हैं। फिलहाल मनीष कौल उर्फ डाक्टर विक्रांत अपनी महिला डॉक्टर पत्नी की हत्या कराने की फिराक में था। दिल्ली पुलिस शुभकामना अस्पताल से एक मरीज की फाइल भी ले गई है, जिसका उपचार फर्जी डॉक्टर बनाकर विक्रांत कर रहा था। एसीपी गिरीश कौशिक का कहना है कि फिलहाल दिल्ली से दो मुकदमों में मनीष कौल वांछित है।

Posted By: Inextlive